लूटेरों के सामने बेबस स्मार्ट सिटी की पुलिस, अब पंजाब पुलिस से लेगी मदद

punjabkesari.in Wednesday, Mar 21, 2018 - 08:32 PM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील): चंडीगढ़ में रात के समय लुटेरों का गिरोह चंडीगढ़ पुलिस को चुनौती देकर वारदात को अंजाम दे रहा है लेकिन चंडीगढ़ पुलिस गिरोह को पकडऩे के बजाय आराम से बैठी हुई है। इस गिरोह के सदस्य पंजाब से आकर चंडीगढ़ से मनचाही गाड़ी लूटकर आसानी से फरार हो रहे हैं। चंडीगढ़ पुलिस के रात में शहर के एंट्री प्वाइंट सील रखने और पैट्रोलिंग के सारे दावे फेल साबित हो रहे हैं। 

 

इस गिरोह के सदस्य 16 मार्च को अबोहर निवासी विक्रम की गाड़ी रोककर हवाई फायर करने के बाद उसकी वरना गाड़ी लूटकर फरार हो गए थे। अभी इस वरना गाड़ी का सुराग भी पुलिस नहीं लगा पाई थी कि बुधवार को तड़के राजदीप सिंह नामक टैक्सी चालक से फर्नीचर मार्कीट के पास उसकी आई-20 कार लूटकर यह गिरोह मोहाली की तरफ फरार हो गया। 

 

पुलिस ने बताया कि विक्रम और राजदीप की गाड़ी लूटने का तरीका एक जैसा ही है। गाड़ी रुकवाने के लिए लुटेरों ने दोनों ही वारदातों में पीछे से टक्कर मारी थी। चंडीगढ़ पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस हिरासत से फरार हुआ योधा सिंह उर्फ जोधा अपने गिरोह के फरार साथियों के साथ इन वारदातों को अंजाम दे रहा है। पुलिस टीमें इस गिरोह को पकडऩे के लिए कई थ्योरी पर काम कर रही है लेकिन लुटेरे काफी शातिर हैं। इसमें अब पंजाब पुलिस की भी सहायता ली जाएगी। 

 

गाड़ी पर लगाया होता है जाली नंबर
जांच अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ में रात के समय डिजायर, स्विफ्ट,  रिट्ज और क्रेटा गाड़ी में आकर लुटेरों ने लूट की वारदातों को अंजाम दिया है। इन सभी गाडिय़ों पर लुटेरों ने जाली नंबर लगा रखा है। 

 

लुटेरे इतने शातिर हैं कि चंडीगढ़ से लूटी गाड़ी चंडीगढ़ में लेकर नहीं आते हैं। गिरोह के सदस्य लूटी हुई गाडिय़ों को अपने गिरोह के अन्य सदस्यों को गिफ्ट कर देते हैं और चंडीगढ़ से लूटी गाडिय़ों पर जाली नंबर लगाकर पंजाब में भी आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। 

 

जोधा का नाम लेकर पुलिस झाड़ लेती है पल्ला
चंडीगढ़ पुलिस लूट की वारदातें सॉल्व नहीं कर पा रही है। पुलिस के आला अधिकारी यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि रात को लूट और अपहरण की वारदात योधा सिंह उर्फ जोधा और उसके साथी कर रहे हैं। 

पुलिस उनको पकडऩे में लगी हुई है लेकिन हैरानी यह है कि चंडीगढ़ पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद पुलिस की लापरवाही के चलते ही वह कस्टडी से फरार हो गया था। उसके बाद से योधा और उसके साथियों ने चंडीगढ़ में लूट की वारदातों की  झड़ी लगा रखी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News