चंडीगढ़ पुलिस के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने किया नशा विरोधी मुहिम का शुभारंभ

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 07:26 PM (IST)

चंडीगढ़ः शहर में बढ़ती नशे की समस्या के विरुद्ध कर्तव्यनिष्ठ संस्था द्वारा व्यापक जनजागरण अभियान की शुरुआत की गई है। इस मुहिम का शुभारंभ चंडीगढ़ पुलिस के पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत हुड्डा के समर्थन एवं मार्गदर्शन से किया गया। 6 मार्च को सायं 5:30 बजे सेक्टर 17 प्लाज़ा, चंडीगढ़ में महिलाओं द्वारा नशे के खिलाफ एक विशाल मशाल यात्रा निकाली जाएगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जनजागरूकता फैलाना तथा युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।

इससे पूर्व संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ पुलिस के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा से भेंट की। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नशा जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए समाज और पुलिस प्रशासन को मिलकर ठोस एवं सतत प्रयास करने होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि महिलाएं और युवा इस अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ते हैं तो यह एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।

डीजीपी ने इस सामाजिक मुहिम को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर संस्था की पदाधिकारी सुनीता श्योराण, सीमा चौधरी, मनप्रीत कौर और निशा सिंगला उपस्थित रहीं तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया। संस्था के संयोजक संजीव राणा ने बताया कि यह पहल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को संगठित कर नशे के विरुद्ध सशक्त वातावरण तैयार करने का गंभीर प्रयास है। उन्होंने बताया कि 23 मार्च, शहीद दिवस तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नशा विरोधी संदेश निरंतर दिया जाएगा। मशाल यात्रा के माध्यम से शहरवासियों को यह संदेश दिया जाएगा कि चंडीगढ़ की पहचान जागरूकता, सकारात्मक सोच और राष्ट्रभावना से हो, न कि नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News