होटल JW मैरियट की लीज रद्द
punjabkesari.in Thursday, Nov 16, 2017 - 07:54 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : नगर निगम ने सैक्टर-35 स्थित होटल जे.डब्ल्यू. मैरियट की भूमि की लीज खत्म करने का नोटिस जारी किया है। होटल प्रबंधन ने निगम को लीज राशि के रूप में गत 5 वर्षों में 7.81 करोड़ रुपए अदा नहीं किए। निगम ने इस होटल को अलॉट की गई भूमि खाली करवाने के लिए एस.डी.एम. (दक्षिण) को लिखा है।
वर्ष 2006 में निगम ने खुली नीलामी में सैक्टर-35 में 3 एकड़ जमीन होटल के लिए मैसर्स लोक प्रिया बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड को 101 करोड़ में लीज पर आबंटित की थी। कंपनी को 2.5 करोड़ की वार्षिक लीज मनी निगम को देनी थी जो उसने अदा नहीं की। निगम के अतिरिक्त आयुक्त का कहना है कि लीज राशि अदा करने के लिए कंपनी को पर्याप्त समय दिया गया। वर्ष 2012 के बाद से कंपनी के खिलाफ केस चल रहा है। कंपनी इससे बचने के लिए कानूनी दांवपेच तलाश करती रही पर राशि अदा नहीं की।
3 करोड़ का ही किया भुगतान :
अंतिम नोटिस मिलने के बाद कंपनी के प्रतिनिधि गत 24 अक्तूबर को निगम की संपत्ति शाखा के अधिकारियों से मिले व उन्हें तुरंत बकाया राशि जमा करवाने की बात कही। काफी मिलने के बाद भी कंपनी ने केवल 3 करोड़ का ही भुगतान किया। निगम ने कंपनी को अलग से 18.35 लाख संपत्ति कर नोटिस भी भेजा था। निगम ने इस कर की अदायगी न होने के चलते प्रशासन को शराब की बिक्री लाइसैंस न देने का भी अनुरोध भी किया था। कंपनी ने सेवा कर के रूप में 30 लाख का भुगतान भी करना है।