चंडीगढ़ के हैरीटेज फर्नीचर की न्यूजीलैंड में हो रही ऑक्शन

Monday, Jun 10, 2019 - 11:41 AM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र शर्मा) : चंडीगढ़ के हैरिटेज फर्नीचर की न्यूजीलैंड में ऑक्शन होने जा रही है। इसकी शिकायत केंद्रीय गृहमंत्री को दी गई है। उनसे मांग की गई है कि इस ऑक्शन पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए, ताकि वित्तीय नुक्सान और धरोहर को बचाया जा सके एवं एम.एच.ए. के निर्देशों की पालना करवाई जा सके। इससे पहले भी विदेशों में हैरिटेज फर्नीचर की कई बार ऑक्शन हो चुकी है, लेकिन उसे रोकने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए हैं। यह शिकायत हैरिटेज प्रोटैक्शन सैल के सदस्य एडवोकेट अजय जग्गा ने गृहमंत्री को भेजी है।

ऑकलैंड में दो आइटम्स की होगी ऑक्शन
शिकायत में जग्गा ने कहा कि 25 जून को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में दो आइटम्स की ऑक्शन होने जा रही है, जिसमें चंडीगढ़ ईजी चेयर और चंडीगढ़ चेयर्स दो आइटम्स  शामिल हैं, जिनकी वैल्यू 13.87 लाख और 18.50 लाख रुपए है। उन्होंने कहा कि इंडियन हैरिटेज फर्नीचर की इस लूट को बचाने के लिए प्रमुख देशों के साथ इस मुद्दे को उठाया जाना चाहिए, जहां पर ऐसी ऑक्शन हो रही है। उन्होंने कहा कि एम.एच.ए. ने ऑक्शन पर बैन लगाने के निर्देश जारी किए हुए हैं, लेकिन बावजूद इसके लगातार ऐसी ऑक्शन जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ क्रिमिनल संगठन इस लूट को अंजाम दे रहे हैं और कल्चरल प्रॉपर्टी की ये तस्करी की जा रही है, जिनकी वैल्यू  अरबों में है। शिकायत में उन्होंने ऑक्शन हाउस, डेट ऑफ ऑक्शन और आइटम्स की पूरी जानकारी दी। 

गृहमंत्री को लिखा, अधिकारियोंं से मांगी जाए रिपोर्ट
जग्गा ने मांग की कि गृहमंत्री खुद इस मामले को देखकर इससे संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगें, ताकि हैरिटेज फर्नीचर की इस लूट को रोका जा सके। इससे ये भी पता चल सकेगा कि किस तरह से ये फर्नीचर विदेशों में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी ऑक्शन को रोकने के लिए भी उचित कदम उठाए जाने चाहिए।

bhavita joshi

Advertising