16 फरवरी से फिर शुरू होगी चंडीगढ़-दुबई फ्लाइट, 3 माह के लिए थी रद्द

Friday, Jan 31, 2020 - 09:55 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट से चंडीगढ़-दुबई की फ्लाइट 16 फरवरी से दोबारा शुरू होगी। एयरलाइन की और से फॉग के कारण यह फ्लाइट 3 माह के लिए रद्द कर दी थी। अब इंडिगो एयरलाइन की तरफ से यह फ्लाइट समर शैड्यूल में दोबारा से शामिल कर ली गई है। इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही चंडीगढ़ से हैदराबाद जाने वाले यात्रियों के लिए भी खुशखबरी है। अब रोजाना तीन फ्लाइट्स रवाना होंगी। 

चंडीगढ़ से इन दिनों सिर्फ 1 फ्लाइट चल रही है जबकि गोएयर की दोपहर में जाने वाली फ्लाइट कैंसल है। जानकारी के अनुसार यह फ्लाइट 1 मार्च से शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही इंडिगो की ओर से वाया फ्लाइट भी चंडीगढ़ से चलाई जा रही है। चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट से अन्य राज्यों को जोडऩे के लिए गुहवाटी, बागडोगरा और त्रिवेंद्रम के लिए नई फ्लाइट को समर शैड्यूल में शामिल किया गया है।  

शाम 4 बजे उड़ान भरेगी फ्लाइट :
चंडीगढ़ से इंडिगो की दुबई की फ्लाइट 16 फरवरी से शुरू होगी। यह शाम 4 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और 18.40 बजे दुबई पहुंच जाएगी। इसके लिए शुरूआती फेयर 14016 रुपए है। यह दुबई के समय के अनुसार सुबह 6.10 बजे चलेगी और चंडीगढ़ 11 बजे पहुंच जाएगी। इसके लिए 9819 रुपए से फेयर शुरू होता है। 

वहीं, दो महीने से बंद कोलकाता-चंडीगढ़ फ्लाइट को भी इंडिगो 17 फरवरी से शुरू कर रहा है। यह कोलकाता से सुबह 4.30 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 7.20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। शुरूआती फेयर 5987 रुपए है। चंडीगढ़ से यह दोपहर 11.15 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 1.25 बजे कोलकाता पहुंचेगी। इसकी टिकट 6091 रुपए से शुरू होगी।

चंडीगढ़-हैदराबाद के लिए नई फ्लाइट्स 30 मार्च से :
चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट से हैदराबाद के लिए गो एयर व इंडिगो एयरलाइंस की तरफ से दो नई फ्लाइट्स 30 मार्च से शुरू हो रही हैं। इनकी बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। गोएयर की फ्लाइट संख्या जी8-514 चंडीगढ़ से रोजाना दोपहर 12.05 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 2.30 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। इसके लिए पैसेंजर को 4,068 रुपए खर्च करने होंगे। 

हैदराबाद से फ्लाइट संख्या जी8-513 सुबह 9.05 बजे उड़ान भरेगी और 11.35 बजे चंडीगढ़ लैंड करेगी। इसकी टिकट 4,268 रुपए से शुरू होती है। इंडिगो की नई फ्लाइट संख्या 6ई-269 हैदराबाद से दोपहर 12 बजे उड़ान भरेगी और 2.20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इसके लिए यात्रियों को 4915 रुपए देने होंगे। चंडीगढ़ से फ्लाइट संख्या 6ई-274 दोपहर 2.50 बजे उड़ान भरेगी और शाम 5.20 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। इसके लिए पैसेंजर को 4368 रुपए देने होंगे।  

Priyanka rana

Advertising