हॉकी में चंडीगढ़ ने पटियाला को 5-3 से हराया

Friday, Apr 19, 2019 - 08:25 PM (IST)

चंडीगढ़ (लल्लन): हॉकी चंडीगढ़ ने हॉकी पटियाला को 5-3 के अंतर से हराकर सैकेंड मार्शल अर्जन सिंह मैमोरियल हॉकी टूर्नामैंट के अगले दौर में प्रवेश किया। थ्री बी.आर.डी. में खेले गए मुकाबले में हॉकी पटियाला की ओर से खेल के 8वें मिनट में बलजीत सिंह ने फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 

 

इसके बाद हॉकी चंडीगढ़ टीम को खेल के 14वें मिनट में पैनल्टी कार्नर मिला, जिसको गुरजिंन्द्र सिंह ने गोल में बदलकर टीम को 1-1 पर ला दिया। इसके बाद चंडीगढ़ टीम के खिलाडिय़ो ने पटियाला टीम पर दबाव बनाते हुए खेल के 15वें व 45वें मिनट में अभिषेक ने फील्ड गोल कर टीम को 3-1 से बढ़त दिला दी। 

 

चंडीगढ़ को 50वें मिनट में दोबारा पेनल्टी कार्नर मिला जिसे गुरजिंन्द्र ने गोल कर टीम को 4-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद पटियाला टीम को भी खेल के 52वें मिनट में पेनल्टी शूट मिला जिसको प्रतीक ने गोल में बदल कर टीम को 4-2 पर ला दिया। अभी चंडीगढ़ की टीम संभली भी नहीं थी की पटियाला के रोबिनदीप ने फील्ड गोल कर टीम को 4-3 पर ला दिया। खेल के अंतिम क्षणों में चंडीगढ़ की ओर से परमिंद्र सिंह ने गोल कर टीम को 5-3 से जीत दिला दी। 

 

साऊथ सैंट्रल रेलवे की एकतरफा जीत
दूसरे मैच में साऊथ सैंट्रल रेलवे ने बांग्लादेश एयरफोर्स की टीम को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से मात दी। विजेता टीम की ओर से लवप्रीत ने दो और शेष,धर्मेन्द्र व राजू पाल ने 1-1 गोल किया। तीसरे मैच में इंडियन नेवी ने स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ को 4-1 से हराया। विजेता टीम की ओर से जुगराज,नितेश,विनय राणा तथा अंजिका ने 1-1 गोल किया। 

pooja verma

Advertising