चंडीगढ़ के प्रशासक ने लांच किया ‘RTI ऑनलाइन’ पोर्टल, अब ऑनलाइन मिलेगी इंफॉर्मेशन

punjabkesari.in Tuesday, Dec 05, 2017 - 11:32 PM (IST)

चंडीगढ़, (विजय गौड़): अब राइट टू इंफॉर्मेशन (आर.टी.आई.) के तहत कोई भी जानकारी हासिल करने के लिए सरकारी ऑफिसों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। अब रैजीडैंट्स को चंडीगढ़ के किसी विभाग की जानकारी आर.टी.आई. से हासिल करने के लिए केवल एक क्लिक करना होगा। मंगलवार को चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने ‘आर.टी.आई. ऑनलाइन’ पोर्टल को लांच किया। इसके साथ ही चंडीगढ़ भारत सरकार के आर.टी.आई. ऑनलाइन पोर्टल से जुडऩे वाला देश का पहला राज्य/यू.टी. बन गया है। इस अवसर पर बदनौर ने कहा कि लोग उन्मुख शासन के लिए आर.टी.आई. एक अहम जरिया है। सही समय पर इंफॉर्मेशन मिलने से सोसायटी के सबसे कमजोर वर्ग को भी पब्लिक पॉलिसी और एक्शन की जानकारी मिलती रहेगी।

आर.टी.आई. से सुशासन को प्रोमोट किया जा सकेगा : परिमल राय

प्रशासक के सलाहकार परिमल राय ने कहा कि आर.टी.आई. से पारदर्शिता, अकाऊंटेबिलिटी और पार्टिसिपेशन होने से सुशासन को प्रोमोट किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इसी साल प्रशासन ने ऑनलाइन ग्रीवांस की भी सुविधा शुरू की है। इस अवसर पर सैक्रेटरी इंफॉर्मेशन टैक्नोलॉजी अजॉय कुमार सिन्हा, स्पेशल सैक्रेटरी आई.टी. जितेंद्र यादव और डायरेक्टर आई.टी. अर्जुन शर्मा भी मौजूद थे।

नए सिस्टम में आएंगे 70 डिपार्टमैंट्स

आर.टी.आई. ऑनलाइन सिस्टम में 70 से अधिक डिपार्टमैंट्स आएंगे। इनमें नगर निगम और चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड भी शामिल हैं। सिटीजंस के पास पैमेंट के ऑप्शन भी दिए गए हैं। इनमें डेबिट, क्रेडिट कार्ड और एस.बी.आई. नेट बैंकिंग भी शामिल हैं। बी.पी.एल. कैटेगरी से कोई आर.टी.आई. फीस नहीं ली जाएगी। पोर्टल को आर.टी.आई. एक्ट-2005 के तहत तैयार किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News