चंडीगढ़ प्रशासन JBT भर्ती परीक्षा का पर्चा पंजाबी में लेने को हुआ सहमत

Friday, Nov 30, 2018 - 11:26 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी) : चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा 418 जे.बी.टी. की भर्ती के इशतिहार में शिरोमणि अकाली दल की दखलअंदाजी के बाद किए गए संशोधन से पंजाबी माध्यम से पढ़े अध्यापकों को भारी राहत मिली है। अब भर्ती होने वाले परिक्षार्थी पंजाबी माध्यम में पेपर दे सकेंगे। इस बात खुलासा शिरोमणि अकाली दल के सीनियर उपाध्यक्ष व प्रवक्ता डा. दलजीत चीमा ने एक प्रैस बयान द्वारा किया। 

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में 418 जे.बी.टी. की भर्ती को लेकर जो इश्तिहार अखबारों में दिया गया था उसमें दाखिले के लिए होने वाले टैस्ट सिर्फ अंग्रेजी और हिंदी भाषा में रखा गया था। अकाली-भाजपा द्वारा 16 अक्तूबर को सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में मिलकर एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल ने पंजाब के राज्यपाल को मिलकर इस बात पर कड़ा रोष प्रगट किया था और इसको पजाबी मातृ भाषा के साथ घोर बेइंसाफी करार दिया था। 

इस पर कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा जो नया नोटिस अखबारों में प्रकाशित किया गया है, उसमें संशोधन करते हुए अब भर्ती होने वाले अध्यापकों को पंजाबी में परीक्षा देने की अनुमति दे दी गई है। डा. चीमा ने जहां चंडीगढ़ प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया, वहीं उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन से यह भी मांग की है कि इस भर्ती में दसवीं तक पंजाबी को अनिवार्य विषय के तौर पर पास होने की शर्त को भी दोबारा लागू करना चाहिए।
 

Priyanka rana

Advertising