थोड़ी से बारिश से जलमग्न हुआ चंडीगढ़, सड़कों पर जाम ही जाम

Tuesday, Jun 20, 2017 - 09:15 AM (IST)

चंडीगढ़ (रोहिला): सोमवार को मानसून से पहले ट्रेलर के रूप में आई बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया। सारी सड़कें व चौराहे पानी से लबालब दिखे कई जगह तो चार फीट से भी अधिक पानी देखने को मिला जिसमे कई वाहन तैरते दिखे तो कई के इंजन बंद हो गए, जिन्हें धक्का मारते लोगों को देखा गया। एक घंटे तक चंडीगढ़ में ट्रैफिक मानो थम सा गया था। सैक्टर-35, 43, 37, 23, 25,17, 22, 8, 7,19, 27 राम दरबार इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 व कालोनी नंबर-4 के पास सड़कें लबालब रहीं जबकि पिकाडली चौक व सैक्टर-20 के चौक पर भी काफी देर तक ट्रैफिक थमा रहा। बारिश थमने के दो घंटे के बाद बरसाती पानी की निकासी हो पाई और ट्रैफिक सामान्य हुआ। सोमवार को हुई बारिश को मानसून का आगमन कहा जा सकता है। वैसे सोमवार को हुई बारिश वैस्ट्रन डिस्टर्बेंस का नतीजा बताई जा रही है। 

 

चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार लगातार एक घंटे हुई बारिश 43.4 एम.एम दर्ज की गई। शाम को भी चंडीगढ़ व आसपास रुक-रुक कर बारिश होते रहने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन चार दिनों तक लगातार बारिश होगी। इसके चलते तापमान में और कमी आएगी। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि 22 जून के बाद मानसून चंडीगढ़ में दस्तक दे सकता है। आमतौर पर चंडीगढ़ में मानसून जुलाई में आता है। सोमवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री रहा। चंडीगढ़ ,पंजाब व हरियाणा के कुछ हिस्सों में 48 घंटों में 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। 

Advertising