कचरे को अलग-अलग न करने पर 103 लोगों के काटे चालान

Thursday, Oct 17, 2019 - 08:47 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग न करने पर बुधवार को 103 लोगों का नगर निगम ने चालान किया। वहीं निगम ने लोगों को चेतावनी दी कि अगली बार गीला-सूखा कचरा अलग-अलग नहीं दिया तो घर से कचरा उठाना भी बंद कर दिया जाएगा।

चार के किए चालान :
इसके साथ ही 4 वेस्ट कलैक्टरों के भी चालान किए गए, जिन्होंने घरों से गीला-सूखा कचरा अलग किए बिना ही उठाया। बता दें कि मंगलवार को भी निगम ने 40 लोगों के चालान काटे थे। इस योजना को 11 अक्तूबर को शुरू किया गया था। यानि दो दिन में निगम ने 143 लोगों के चालान काटे हैं। निगमायुक्त के.के. यादव के आदेशों पर निगम के स्वच्छता विंग की अलग-अलग टीमों ने पूरे शहर में अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण किया। 

200 रुपए जुर्माना भी लगेगा :
निरीक्षण के दौरान, बुधवार को निगम ने 103 उल्लंघना करने वालों का चालान किया है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमैंट रूल्स-2016 के अनुसार प्रत्येक को 200 रुपए जुर्माना भी लगेगा। सैक्टर-44 और मौलीजागरां आदि क्षेत्रों में डोर-टू-डोर वेस्ट कलैक्टरों का चालान किया गया। 

किया था समिति का गठन :
वहीं मेयर राजेश कालिया ने बताया कि गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) निगम को सॉलिड वेस्ट के परिवहन के लिए हाइड्रोलिक टिप्पर देगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए एक तीन सदस्य समिति का गठन पार्षद शक्ति प्रसाद देवशाली की नेतृत्व में गठित किया गया था। 

इसमें पार्षद रविकांत शर्मा और निगम के चिकित्सा अधिकारी शामिल थे। टीम ने निगम को मिलने वाले वाहनों का निरीक्षण भी किया है। इनका उपयोग निगम कचरा ट्रांसफर स्टेशनों से कचरा प्रसंस्करण संयंत्र तक ले जाया जाएगा। अगले 10 दिनों के भीतर हाइड्रोलिक टिप्परों को स्वच्छता बेड़े में शामिल कर लिया जाएगा। चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष हैं। 

कचरा उठाने वालों के भी काटे चालान :
निगम ने लोगों को चेतावनी दी कि अगली बार गीला-सूखा कचरा अलग-अलग नहीं दिया तो घर से कचरा उठाना भी बंद कर दिया जाएगा। शहर में नया नियम लागू होने के बाद यह पहली बार है जब निगम ने कचरा अलग-अलग नहीं देने पर लोगों के चालान करना शुरू किए हैं। इसके अलावा मिक्स कचरा लेने पर चार डोर-टू-डोर कचरा उठाने के भी चालान काटे हैं।

निगम कमिश्नर के.के. यादव के निर्देश पर मंगलवार से अलग-अलग कचरा नहीं देने वालों के खिलाफ चालान करने का अभियान शुरू किया है। जो लोग मिक्स कचरा लेकर आए निगम के कर्मचारियों ने मकान नंबर नोट कर लिया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि मौके पर चालान की फीस नहीं दी तो पानी के बिल के साथ जोड़कर भेज दी जाएगी। ज्यादातर चालान रैजीडैंशियल एरिया में ही किए गए हैं। 

रैजीडैंशियल एरिया में 200 रुपए के चालान किए गए, जबकि मिक्स कचरा लेने वाले कर्मचारियों का मौलीजागरां और सैक्टर-44 में 500 रुपए का चालान किया गया। कमिश्नर ने लोगों से अपील की है कि अलग-अलग करके कचरा दें। इससे चंडीगढ़ को स्वच्छता अभियान में अच्छी रैंकिंग मिले। सूखा-गीला कचरा अलग-अलग न देने से एन.जी.टी. की ओर से भी जुर्माना लगाया जा सकता है। इसलिए शहर के लोगों को इसमें सहयोग करना होगा।

Priyanka rana

Advertising