CBSE बोर्ड ने दी राहत, पढ़ें पूरी खबर

Friday, Oct 06, 2017 - 12:26 PM (IST)

पंचकूला(आशीष) : सी.बी.एस.ई. बोर्ड में अब कक्षा 9 और 11वीं में छात्रों को अब अभिभावकों का आय प्रमाण पत्र दिखाने की जरूरत नहीं है। बोर्ड ने इस बारे में स्कूलो को निर्देश जारी किया है कि वे बच्चों को आई.टी. रिटर्न और आय प्रमाण पत्र लाने के लिए दबाव न बनाएं।

 

बच्चों की स्वप्रमाणित आय की घोषणा ही पर्याप्त होगी। सी.बी.एस.ई. ने सर्कुलर में कहा है कि स्कूलों को अब आई.टी.आर. या आय के अन्य स्रोत की मांग नहीं करनी चाहिए। सी.बी.एस.ई. ने अगले साल बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले बच्चों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। रजिस्ट्रेशन 7 नवम्बर तक होगी। 

 

खातों के बारे में दे सकेंगे सूचना :
सी.बी.एस.ई. बोर्ड ने यह सर्कुलर उस वक्त जारी किया है जब वह 2018 की बोर्ड परीक्षा के लिए औपचारिकताएं शुरू करने जा रहा है। बोर्ड ने तमाम स्कूलों से कहा है कि वह बोर्ड की वैबसाइट पर कक्षा 9 व कक्षा 11वीं  के रैगुलर और प्राइवेट बच्चों की जानकारी मुहैया कराए। 9वीं और 11वीं के बच्चों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। सी.बी.एस.ई. बोर्ड से संबद्ध स्कूलों को रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले बच्चों की जानकारी देना अनिवार्य है।    

रद्द हो सकती है मान्यता :
वहीं कक्षा 11 के लिए सिर्फ उन्हीं विषयों को आबंटित करने के लिए कहा गया जिसकी बोर्ड ने अनुमति दी है। ऐसे में अगर गलत विषय का आबंटन किया तो स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उसकी मान्यता भी रद्द हो सकती है। 
 

Advertising