हार के लिए कांग्रेस नेताओं का जी-23 समूह या परिवारवाद जिम्मेदार : विज
punjabkesari.in Sunday, Mar 13, 2022 - 08:20 PM (IST)

चंडीगढ़,(अर्चना सेठी): हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने 5 राज्यों के चुनावों में कांग्रेस की करारी हार पर कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस हार के लिए कांग्रेस नेताओं का जी-23 समूह या पार्टी में परिवारवाद जिम्मेदार है, लेकिन यह कांग्रेस का अंदरुनी मामला है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस हार के लिए जी-23 समूह या कांग्रेस नेता जो परिवारवाद की बेल को आगे बढ़ा रहे हैं, इनमें से कौन जिम्मेदार है यह कांग्रेस को सोचने की जरूरत है। किसके खिलाफ कार्रवाई करनी है यह कांग्रेस को सोचना चाहिए। उन्हें परिवारवाद की विचारधारा चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी है या जी-23 वालों के खिलाफ करनी है, यह उनका पारिवारिक मामला है, यह तो वहीं सोचे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आवास पर गत दिवस पथराव के मामले में गृह मंत्री अनिल विज ने सख्त लहजे में कहा कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस संदर्भ में अधिकारियों से बात की है।
हुड्डा के मुंह से भ्रष्टाचार की बात अच्छी नहीं लगती
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार पर लगाए पर आरोप पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हुड्डा साहिब के मुंह से यह बात अच्छी नहीं लगती। उन्होंने कहा कि हमने नकेल डाली हुई है। हुड्डा पर कटाक्ष करते हुए गृह मंत्री विज ने कहा कि सी.बी.आई. कोर्ट में हुड्डा के खिलाफ कार्रवाई चल रही है और समय आने पर हुड्डा को अंजाम के बारे में भी पता चल जाएगा। वह भ्रष्टाचार की बात कैसे कह सकते हैं।
भाजपा अपनी चाल चलती है
हरियाणा में निकाय चुनावों पर पंजाब चुनावों परिणामों के असर के सवाल पर गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा अपनी चाल चलती है और 5 में से 4 प्रदेशों में भाजपा ने अपना परचम लहराया है। आज दुनिया भाजपा की नीतियों को पसंद करती है। आम आदमी पार्टी पर तंज करते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह तो आते हैं और चले जाते हैं, भाजपा स्थाई पार्टी है।