‘न्यू ईयर पार्टी में सर्व किया हुक्का वेदा कैफे के मालिक समेत 5 पर केस’
punjabkesari.in Saturday, Jan 02, 2021 - 11:38 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील राज) : न्यू ईयर की पार्टी में सैक्टर-26 के वेदा कैफे में मालिकों के कहने पर युवाओं को जमकर हुक्का पिलाया गया। पुलिस ने क्लब में छापा मारकर स्टाफ को हुक्का सर्व करते काबू किया।
सैक्टर-26 थाना पुलिस ने हुक्का सर्व करने पर कैफे मालिक दिव्या मलिक, मैनेजर मनीष और स्टाफ अनिमेष मन्ना, शिवम पाठक और प्रकाश नेगी के खिलाफ धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया। सैक्टर-26 थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने न्यू ईयर की पार्टी से पहले सभी डिस्को और क्लब मालिकों को बुलाकर हुक्का सर्व न करने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद न्यू ईयर पर पार्टी में हुक्का चला। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम को वीरवार रात पता चला कि वेदा कैफे में हुक्का युवाओं को सर्व किया जा रहा है। इस पर पुलिस ने कार्रवाई की।
सैकटर-26 पुलिस इन पर दर्ज कर चुकी केस
सैक्टर-26 थाना पुलिस ने सैक्टर-7 स्थित रीफ क्लब मालिक चंडीगढ़ निवासी अंकित ग्रोवर, अंकुर और मोहाली निवासी देविंदर पर धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया। इससे पहले सैक्टर-26 स्थित प्ले-ग्राउंड क्लब में देर रात हाई वैल्यूम डीजे बजाकर पार्टी चलाने पर पुलिस ने संचालक के खिलाफ कार्रवाई की थी। आरोपी संचालक मोहाली के बनूड़ स्थित रॉयल सिटी में रहने वाले 31 वर्षीय परमीत सिंह के खिलाफ डी.डी.आर. दर्ज की गई है।
सैक्टर-7 स्थित ग्राफो क्लब में हुक्का सर्व करते हुए सैक्टर-26 थाना पुलिस ने हुक्का जब्त कर मालिक करनाल निवासी जतिन, पंचकूला सैक्टर-2 निवासी मैनेजर आकाश नागपाल, मलोया निवासी विकास और मनीमाजरा निवासी संदीप कुमार को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया। इसके अलावा सैक्टर-7 स्थित टर्मिनल क्लब में हुक्का सर्व करने पर सात लोगों पर एफ.आई.आर. दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। सैक्टर-26 स्थित बार्गेन बूज क्लब में रविवार की रात हुक्का पार्टी होने पर क्लब के दो मालिकों पंचकूला सैक्टर-15 निवासी जतिन गर्ग, सैक्टर 17 निवासी अभिनव बंसल और दो मैनेजर मोहाली फेज-7 निवासी राहुल, हरमिलाप नगर फेज-1 निवासी गजिंदर को धारा 188 के तहत गिरफ्तार किया था।