25,000 रुपए रिश्वत लेता बी.डी.पी.ओ. काबू

Monday, Jan 30, 2023 - 08:53 PM (IST)

चंडीगढ़,(रमनजीत): पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने लुधियाना जिले के सुधार में तैनात ब्लॉक विकास और पंचायत अफसर (बी.डी.पी.ओ.) अशोक कुमार को 25,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त बी.डी.पी.ओ. को सरपंच लखवीर सिंह निवासी गांव बोपाराए कलां, लुधियाना की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकत्र्ता ने विजीलैंस ब्यूरो से सम्पर्क कर आरोप लगाया था कि उक्त अधिकारी ग्राम पंचायत में विकास कार्य करवाने के लिए प्रयोग प्रमाण पत्र जारी करने और ग्रांट्स की अदायगी के लिए 50,000 रुपए की रिश्वत मांग रहा है। वह उक्त अधिकारी को रिश्वत नहीं देना चाहता परन्तु उसके बार-बार कहने पर बी.डी.पी.ओ. से 25,000 रुपए में सौदा तय हो गया है।  

 

 


शिकायत की पड़ताल करने के उपरांत लुधियाना रेंज की विजीलैंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी बी.डी.पी.ओ. को दो सरकारी कर्मचारियों की हाजिरी में 25,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया गया। उसके खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो के थाना लुधियाना रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर किया गया है। 

Ajay Chandigarh

Advertising