आरोपी पूर्व अधिकारियों की जमानत करवाने वालों सहित 5 पर केस दर्ज

Tuesday, Feb 26, 2019 - 02:53 PM (IST)

मोहाली(कुलदीप): विजीलैंस ब्यूरो द्वारा सिंचाई विभाग के इंजीनियरों तथा एक ठेकेदार खिलाफ भ्रष्टाचार एवं धोखाधड़ी वाले केस के आरोपियों के जमानती कागज सही न होने से दो आरोपियों पूर्व एक्सियन वरिन्द्र कुमार बंगड़ तथा हरजिन्द्रपाल सिंह मान को अदालत ने जमानत रद्द करके जेल भेज दिया था। उसके बाद अब पुलिस ने दोनों आरोपियों के साथ-साथ एक नंबरदार सहित कुल पांच आरोपियों खिलाफ धोखाधड़ी का केस भी दर्ज कर लिया है। 

पुलिस स्टेशन सोहाना में पूर्व एक्सियन हरजिंद्र पाल सिंह मान निवासी सतनामपुरा (फगवाड़ा) जिला कपूरथला, वरिन्द्र कुमार निवासी विकास विहार (शहीद भगत सिंह नगर), रछपाल सिंह निवासी कबीर नगर डाबा (लुधियाना), प्रवीन कुमार निवासी डाबा (लुधियाना), अनिल कुमार नंबरदार निवासी डाबा (लुधियाना) के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 181, 420, 466, 468, 471, 474 तथा 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। 

बतानेयोग्य है कि विजीलेंस द्वारा 17 अगस्त 2017 को एफ.आई.आर. नंबर 10 में आरोपी हरजिन्द्रपाल सिंह मान तथा वरिन्द्र कुमार बंगड़ को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपी इस समय जमानत पर चल रहे थे। आरोपी रछपाल सिंह ने विजीलैंस वाले केस में आरोपी पूर्व एक्सियन हरजिन्द्रपाल सिंह मान की जमानत दी थी जबकि प्रवीन कुमार ने वरिन्द्र कुमार बंगड़ की जमानत दी थी। दोनों के जमानती कागजों की तस्दीक नंबर अनिल कुमार द्वारा की गई थी। 

अदालत को उनके जमानती कागजों पर शक हुआ तो अदालत ने डी.सी. लुधियाना से जमीन के रिकार्ड मांगा। जब अदालत द्वारा रिकार्ड की जांच की गई तो पता चला कि जमानत लेते समय लगाए गए जमीन के कागज ही जाली निकले। दोनों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था। उस के बाद इनकी जमानत के कागज तैयार करवाने में सहयोग करने वालों के खिलाफ भी धोखाधड़ी केस दर्ज कर लिया गया है।

bhavita joshi

Advertising