नेपाल से चरस लाकर चंडीगढ़ में सप्लाई करने आए दो तस्कर काबू

punjabkesari.in Thursday, Apr 18, 2019 - 06:21 PM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील): नेपाल से चरस लाकर चंडीगढ़ में सप्लाई करने आए नेपाली मूल के दो तस्करों को क्राइम ब्रांच ने सैक्टर-31 स्थित गुरुद्वारे के पास नाका लगाकर दबोच लिया। पकड़े गए तस्करों की पहचान नेपाल निवासी किरण कुमार और कौशल पौडेल के रूप में हुई। 

 

तलाशी के दौरान दोनों के बैग से 12 किलो चरस बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि किरण कुमार के बैग से 11 किलो और कौशल पौडेल के बैग से एक किलो बरामद हुई है। आरोपी किरण कुमार को मलेशिया से कुछ समय पहले ही डिपोट किया था। 

 

किरण मलेशिया स्थित कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सैक्टर-31 पुलिस स्टेशन में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया। 

 

पुलिस को देखकर बदल लिया था रास्ता 
एस.पी. क्राइम विनीत कुमार ने प्रैस कॉन्फ्रैंस कर बताया कि लोकसभा चुनाव के चलते इंस्पैक्टर अमनजोत के नेतृत्व में बनाई पुलिस टीम सैक्टर-31 में पैट्रोलिंग कर रही थी। सब इंस्पैक्टर सतविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ सैक्टर-31 स्थित सिंह सभा गुरुद्वारे के पास पहुंचा तो ट्रिब्यून की तरफ से नेपाली मूल के दो युवक बैग लेकर आते हुए दिखाई दिए। 

 

पुलिस टीम गुरुद्वारे के पास खड़ी हो गई। दोनों युवकों ने पुलिस को देखकर अपना रास्ता बदल लिया। पुलिस दोनों युवक को पकड़कर पूछताछ करने लगी। एक युवक ने अपनी पहचान नेपाल स्थित झाझरकोट निवासी किरण और दूसरे ने नेपाल के जिला बामके निवासी कौशल पौडेल बताई। पुलिस ने किरण का बैग चेक किया उसके अंदर से पैकेट में बंद 11 किलो और कौशल पौडेल के बैग से एक किलो चरस बरामद हुई। 

 

घूमने के बहाने आकर करते थे तस्करी 
पुलिस ने बताया कि मलेशिया से डिपोट होने के बाद किरण मोटी रकम कमाने के लिए नशा तस्करी में पड़ गया। चरस सप्लाई से मोटी कमाई होने के बाद उसने तस्करी में अपने दोस्त कौशल पौडेल को शामिल किया। 

 

इसके बाद दोनों आरोपी नेपाल से घूमने के बहाने भारत आते थे। दोनों आरोपी चरस छिपाकर पब्लिक ट्रांसपोर्ट से तस्करी करते थे। पुलिस ने बताया कि किरण कुमार ने वर्ष 2018 में अढाई किलो और फरवरी 2019 में पांच किलो चरस नेपाल से लाकर हिमाचल में सप्लाई की थी।

 

50 लाख की हाई क्वालिटी की है चरस 
एस.पी. विनीत कुमार ने दावा कि आरोपियों से पकड़ी गई 12 किलो चरस हाई क्वालिटी की है। चरस को दोनों आरोपी चंडीगढ़, दिल्ली, गोवा और हिमाचल में बेचने की योजना बना रहे थे। एस.पी. ने दावा किया है कि आरोपियों से पकड़ी चरस की कीमत करीब 50 लाख रुपए है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Recommended News

Related News