बेटियां घर की ही नहीं देश की भी शोभा : गवर्नर

punjabkesari.in Sunday, Sep 24, 2017 - 10:22 AM (IST)

पंचकूला(चंदन) : बेटियां घर ही शोभा नहीं बल्कि देश की भी शोभा हैं। उनकी विशिष्टि भूमिका के बिना राष्ट्र का विकास संभव नहीं है। यह बात हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने पंचकूला सैक्टर-6 स्थित हंसराज पब्लिक स्कूल में आयोजित चार दिवसीय अखिल भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट लीग चैम्पियनशिप के समापन अवसर पर कही। 

 

उन्होंने कहा कि आज लड़कियां हर क्षेत्र में अग्रणी हैं। जहां लड़कियां क्रिकेट खेल रही हैं, वहीं एक हरियाणा के एक पिता महावीर फौगाट ने अपनी बेटियों-गीता व बबीता को लड़कों के समान कुश्ती लडऩे के लिए तैयार किया और आज वो लड़कियां देश का नाम रोशन कर रही है। उन्होंने हरियाणा टीम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बेहतर क्रिकेट का खेल खेला और फाइनल मुकाबला बारिश के कारण नहीं हो पाया। नियम के तहत टास कर यू.पी. की टीम विजयी रही। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि मुकाबला होता तो हरियाणा की टीम अवश्य विजयी होती। राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश की महिला क्रिकेट टीम को ट्राफी से नवाजा जबकि हरियाणा की टीम को रनर अप रहने पर सम्मानित किया गया। 

 

उन्होंने हरियाणा की कैप्टन राधा चन्द्र को बैस्ट खिलाड़ी, डोली को 104 रन व 9 विकेट लेने पर ऑल राऊंडर, उत्तर प्रदेश की रेनु को बैस्ट विकेट कीपर, मध्य प्रदेश की श्रद्धा कुमारी को बैस्ट बॉलर, हरियाणा की शिवांगी को बैस्ट फील्डर के लिए सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने हरियाणा महिला क्रिकेट एवं कल्याण एसोसिएशन को 2 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा भी की। 

 

इस मौके पर हंसराज पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में पंचकूला की उपायुक्त गौरी पराशर जोशी, डी.सी.पी. मनवीर सिंह, अखिल भारतीय महिला किक्रेट व कल्याण ऐसोसिएशन की अध्यक्ष शक्ति रानी शर्मा, सचिव नूतन गावस्कर, हरियाणा महिला क्रिकेट ऐसोसिएशन की प्रधान जया भारद्वाज, महासचिव अमरजीत, उपाध्यक्ष संतोष भंडारी, एस.डी.एम. पंकज सेतिया, नगराधीश ममता शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी एच.एस. सैनी, हरियाणा रणजी ट्राफी के पूर्व खिलाड़ी गृष्टि भनोट, प्रेस सचिव सुरेन्द्र गोयल सहित खिलाड़ी भी उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News