राजपथ पर कैपीटल काम्पलैक्स करेगा चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व

Monday, Aug 07, 2017 - 10:49 AM (IST)

चंडीगढ़(विजय) : गणतंत्र दिवस के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। 2018 में दिल्ली के राजपथ में होने वाली गणतंत्र दिवस की परेड में कैपिटल कांप्लैक्स चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगा। चंडीगढ़ प्रशासन ने कैपिटल कांप्लैक्स का टैब्लू बनाने के लिए टैंडर जारी कर दिया है। 

 

गौरतलब है कि यूनेस्को द्वारा पिछले साल 21 जुलाई को कैपिटल कांप्लैक्स को हैरिटेज स्टेटस दिया गया था जबकि इस टैग के लिए प्रशासन 2006 से ट्राई कर रहा था। इसके बाद शहर को इंटरनैशनल लेवल पर नई पहचान दिलाने वाली इस विश्व धरोहर को प्रशासन ने अगले साल होने वाली परेड के लिए चुना। 

 

पिछले साल ही फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा होलांदे और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैपिटल कांप्लैक्स में विजिट किया था। पिछले साल ही 21 जून को इंटरनैशनल योग दिवस के अवसर पर यहां प्रधानमंत्री के सामने लगभग 30 हजार लोगों ने योगासन किए थे। 

 

यही वजह है कि इतनी अधिक उपलब्धियां कैपिटल कांप्लैक्स के नाम के आगे जुडऩे के बाद प्रशासन की ओर से यह फैसला लिया गया है। प्रशासन के लिए 2018 का गणतंत्र दिवस इसलिए भी अहम साबित होगा क्योंकि इस साल राजपथ में हुई परेड में शामिल होने में चंडीगढ़ नाकाम रहा था। 

Advertising