2029 तक एम.बी.बी.एस. की सीटें बढ़ाकर 3400 से अधिक करना सरकार का लक्ष्य: नायब सैनी

punjabkesari.in Wednesday, Jul 02, 2025 - 12:07 AM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार डाक्टरों को बेहतर संसाधन और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हर जिले में मैडीकल कालेज की स्थापना की जा रही है। वर्ष 2014 में जहां मैडीकल कालेजों की संख्या मात्र 6 थी, वहीं आज यह बढक़र 15 हो गई है और 9 नए कालेज निर्माणाधीन हैं। इसके परिणामस्वरूप एम.बी.बी.एस. की सीटें 2014 में 700 से बढक़र अब 2,185 हो चुकी हैं। राज्य सरकार का वर्ष 2029 तक एम.बी.बी.एस. की सीटें 3400 से अधिक करने का लक्ष्य है।


मुख्यमंत्री मंगलवार को चंडीगढ़ में डेराबस्सी मैडीकल एसोसिएशन (डी.एम.ए.) द्वारा राष्ट्रीय डाक्टर्स दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानव सेवा की राह में डेराबस्सी मैडीकल एसोसिएशन ने उल्लेखनीय योगदान किया है। पिछले 2 वर्षों से चौरसिया अस्पताल में मुफ्त डायलिसिस सैंटर चलाया जा रहा है।


नायब सैनी ने डाक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सा सेवा से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रीय डाक्टर्स दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्य संस्थानों को 'बैस्ट हैल्थकेयर अवॉर्ड्स-2025' से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डी.एम.ए. मैगज़ीन के पहले संस्करण और प्रतिष्ठित ‘बैस्ट हैल्थकेयर अवॉर्ड्स-2025’ का भव्य शुभारंभ भी किया गया।
 

चिकित्सा प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए उठाए कई कदम 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि हर डाक्टर को सही संसाधन मिले और हर नागरिक को बेहतर इलाज मिले। इसी दिशा में चिकित्सा प्रणाली को सुदृढ़ करते हुए प्रदेश सरकार ने पी.जी. की सीटें 289 से बढ़ाकर 1043 की हैं। इनके अलावा पी.जी. डिप्लोमा की भी 155 सीटें हैं। प्रदेश में डाक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए वर्ष 2014 से अब तक 3,798 डाक्टरों की भर्ती की गई है। डाक्टरों की सेवानिवृत्ति की आयु भी 58 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष कर दी है।

हरियाणा में किडनी रोगियों को मुफ्त डायलिसिस सुविधा
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा सरकारी अस्पतालों, मैडीकल कालेजों और मैडीकल विश्वविद्यालयों में किडनी रोगियों को नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि हर गरीब व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिले, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान भारत योजना चलाई, जिसके तहत गरीब परिवार को सालाना 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की है। हरियाणा में ‘आयुष्मान भारत व चिरायु योजना में लगभग 1 करोड़ 33 लाख से अधिक गरीबों को 5 लाख रुपए तक की नि:शुल्क इलाज की सुविधा दी है।


डाक्टरों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता 
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार डाक्टर्स-डे का थीम है, मास्क के पीछे देखभाल करने वालों की देखभाल। यह थीम हमें प्रेरित करती है कि हम डाक्टरों की केवल पेशेवर सेवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि मानव कल्याण के लिए भी सराहना करें। उनकी जरूरतों को समझें व उन्हें पूरा करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जब पूरा देश घरों में बंद था, उस समय डाक्टरों ने पी.पी.ई. किट पहनकर, परिवार से दूर रहते हुए मरीजों के साथ खड़े थे। उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार डाक्टरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डाक्टर व मैडीकल स्टाफ पर हमला करने वालों को 3 माह से 5 साल तक की सजा और 50 हजार रुपए से 2 लाख रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान करवाया है। कार्यक्रम में चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर बबला, डेराबस्सी मैडीकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. राजीव गुप्ता, सचिव डा. आकाश गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारी, बड़ी संख्या में डाक्टर और कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

ashwani

Related News