रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

Thursday, Jun 28, 2018 - 12:44 PM (IST)

चंडीगढ़ (लल्लन): जी.आर.पी. ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर दो चोरों को धर दबोचा। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन पर चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश भी हुआ है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के जी.आर.पी. थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि यह जी.आर.पी. के लिए एक बड़ी कामयाबी है। 

 

यह गिरोह कई महीनों से स्टेशन पर सक्रिय था और हर बार हाथ से निकल जाता था। उन्होंने कहा कि इस गिरोह के पकड़ में आने के साथ रेलवे स्टेशन पर हुई चोरी की कई वारदातों के सुलझने की उम्मीद है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंकज निवासी गांव दरिया और राहुल निवासी बापूधाम कालोनी सैक्टर-26 के रूप में हुई है। 

 

यार्ड पर रेड कर किया गिरफ्तार
इस गिरोह को पकडऩे के लिए जी.आर.पी. ने एक टीम गठित की थी, जिसमें आई.ओ. हैड कांस्टेबल जयबीर सिंह, हैड कांस्टेबल मनजीत सिंह और कांस्टेबल मनजीत सिंह शामिल थे। सभी ने सिविल ड्रैस में आज रेलवे यार्ड पर छापा मारकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

 

ट्रेनों में ज्यादा भीड़ के समय सक्रिय होता था गिरोह 
थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि इस गिरोह में तीन लोग शामिल थे। 11 जून 2018 को रेलवे स्टेशन पर इसी गिरोह ने चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया था। उस समय इनका एक साथी गिरफ्त में आ गया था और यह दोनों फरार हो गए थे। इस गिरोह ने अपने कबूलनामे में यह बात मानी है कि उन्होंने स्टेशन पर चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। 

 

दोनों आरोपियों के पास से चोरी की नकद राशि भी बरामद की गई है। हैड कांस्टेबल मनजीत सिंह ने बताया कि आरोपी पंकज के पास से दो हजार रुपए और राहुल के पास से चोरी किया हुआ पर्स, जिसमें 3000 रुपए और आधार कार्ड था, बरामद किए गए। 

 

यह गिरोह ज्यादातर तब सक्रिय होता था, जब ट्रेनों भीड़ ज्यादा होती थी। सद्भावना, ऊंचाहार, पश्चिम एक्सप्रैस आदि ट्रेनों में आने वाले यात्रियों को यह ज्यादा शिकार बनाया करते थे। चोरी करने के बाद यह गिरोह पंचकूला की तरफ जंगल में भाग जाता था।

Punjab Kesari

Advertising