‘भारत बंद : बाजार खुले, सीमाएं बंद, बसें व ट्रेनें नहीं चलीं’

punjabkesari.in Tuesday, Sep 28, 2021 - 01:18 AM (IST)

चंडीगढ़, (राजिंद्र शर्मा) : संयुक्त किसान मोर्चा की देशभर में बंद की कॉल के चलते ट्राईसिटी में भी जगह-जगह रोष प्रदर्शन हुए और सड़कें जाम की गई। चंडीगढ़ में बाजार खुले रहे। मगर सीमा पर लोगों को चंडीगढ़ में एंट्री नहीं मिल पाई। एक तरफ पुलिस तो दूसरी तरफ किसान डटे थे। सी.टी.यू. की बसें भी प्रभावित रही। लॉन्ग रूट के साथ ही ट्राईसिटी में भी लगभग सभी रूट पर बसें नहीं चलीं। सिर्फ लोकल रूट पर ही बसें चली और 4 बजे प्रदर्शन समाप्त होने के बाद ही बस सेवा बहाल हो पाई। 
सी.टी.यू. के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह जीरकपुर तक उनकी बस चली थी, लेकिन बाद में वहां पर रोड जाम हो गया। इस कारण फिर एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट तक बस सेवा चलाई गई लेकिन बाद में हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट को भी बंद कर दिया गया। इसके अलावा मोहाली के लिए भी बस सेवा प्रभावित रही और खरड़ व कुराली के लिए भी बसें नहीं चल पाईं। 


न्यू चंडीगढ़ के लिए अधिकतर रूट प्रभावित
न्यू चंडीगढ़ के लिए भी बसों के अधिकतर रूट प्रभावित रहे, जिसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बता दें कि पंचकूला के लिए नाडा साहिब तक बस चली, लेकिन यहां से बसें आगे नहीं चल पाई। यहां से 32 नंबर बस का रूट डेराबस्सी के अलावा पास के अन्य एरिया के लिए भी है, लेकिन बंद के चलते यहां से बसें आगे नहीं चल पाईं। 4 बजे के बाद जैसे ही प्रदर्शन समाप्त हुआ तो दोबारा सभी रूट पर बसों को बहाल कर दिया गया। इसके अलावा लॉन्ग रूट पर भी फिर बसें चल पाईं। बता दें कि सी.टी.यू. के डिपो नंबर 1 से लांग रूट की बसें चलती है। डिपो नंबर 2 से 212, 213, 34 नंबर बस चलती है, जिसमेंअधिकतर बसें डेराबस्सी और जीरकपुर के रूट पर चलती हैं। इसी तरह डिपो नंबर 3 से 25, 40 और 76 नंबर बस चलती है। जिसमें ज्यादातर बसें न्यू चंडीगढ़ के निर्धारित रूट पर चलती हैं, जबकि डिपो नंबर 4 से 216, 242 नंबर आदि बसें चलती हैं। 


प्रदर्शन खत्म होने का इंतजार करना पड़ा
सुबह किसी तरह कुछ रूट पर बसें चलने के चलते यात्री अपने काम करवाने चंडीगढ़ तो पहुंच गए, लेकिन दोबारा उन्हें ट्राईसिटी के अलग-अलग एरिया में  वापस जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। बसें न चलने के चलते लोग रास्ते में फंसे रहे और प्रदर्शन समाप्त होने का इंतजार करते रहे। यही कारण है कि कई लोग प्रदर्शन खत्म होने के बाद ही शाम को अपने घर वापस पहुंच सकें। इसके अलावा अपनी गाडिय़ों पर भी अधिकतर लोग रास्तों में फंसे रहे। ट्रांसपोर्ट विभाग ने एक दिन पहले ही साफ कर दिया था कि जहां कहीं भी सड़क जाम होगी तो सी.टी.यू. की बस सेवा प्रभावित रहेगी। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस की तरफ से भी इस संबंध में  एडवाइजरी जारी की गई थी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

ashwani

Recommended News

Related News