सजा काट रहे कैदियों के फर्नीचर की लगातार बढ़ रही डिमांड

punjabkesari.in Monday, Apr 15, 2019 - 10:52 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : बुडै़ल मॉडल जेल में सजा काट रहे कैदियों द्वारा तैयार किए जाने वाले फर्नीचर की डिमांड लगातार बढ़ रही है। जेल के सैक्टर-22 स्थित शोरूम सृजन में आने वाले लोग यहां संजोए गए फर्नीचर के सैंपल देखकर आर्डर दे रहे हैं। 

आंकड़ों की मानें तो डेढ़ माह के दौरान यहां आने वाले लोग करीब 1 लाख 67 हजार रुपए का फर्नीचर अपने घरों के लिए बुक करवा चुके हैं। यह आर्डर लोग खुद जेल के सैक्टर-22 स्थित शोरूम में आकर और ऑनलाइन जेल की वैबसाइट के जरिए दे रहे हैं।

पुरुषों को लुभा रहे पैग टेबल :
बुडै़ल मॉडल जेल की वर्कशॉप में कैदियों द्वारा तैयार की जाने वाली बेबी चेयर और टेबल यहां शोरूम में आने वाली माओं को बेहद लुभा रहे हैं। एक माह के दौरान 10 महिलाओं ने बेबी चेयर और टेबल का आर्डर किया है। 

वहीं यहां शोरूम में आने वाले पुरूषों के लिए पैग टेबल आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। पुरूष अभी तक यहां जज चेयर से लेकर ईजी चेयर तक के 7 आर्डर कर चुके हैं, लेकिन पैग टेबल उनकी पहली पसंद बनी हुई है और इसके अभी तक 11 आर्डर किए जा चुके हैं। 

उत्तर भारत में बेहद मशहूर  है फर्नीचर वर्कशॉप :
बुडै़ल मॉडल जेल में बनी फर्नीचर वर्कशॉप अपने काम के चलते पूरे उत्तर भारत में मशहूर है। जेल की इस वर्कशॉप में काम करने वाले कैदी फर्नीचर तैयार करने में इस कदर निपुण हैं कि हर साल यहां सरकारी विभाग का फर्नीचर तैयार करने के करोड़ों रुपए के आर्डर आते हैं। जेल में हर साल करोड़ों रुपए का रैवेन्यू केवल इस वर्कशॉप से ही एकत्र किया जाता है। विशेष तौर पर सरकारी स्कूलों के लिए फर्नीचर तैयार करने का काम इस वर्कशॉप में बहुत अधिक आता है।  

बेहतरीन रिस्पांस मिल रहा :
आई.जी. बुडै़ल मॉडल जेल ओ.पी. मिश्रा ने बताया कि कैदियों द्वारा तैयार किए जाने वाले फर्नीचर को भी लोग बेहद पसंद कर रहे हैं। सृजन में आने वाले लोग लगातार ऑर्डर दे रहे हैं। इस तरह से जेल शोरूम की योजना को शुरू किए जाने का बेहतरीन रिस्पांस जेल प्रबंधन को मिल रहा हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News