चोरों ने शोरूम और कॉफी हाउस की नकदी पर किया हाथ साफ, छानबीन में जुटी पुलिस

Monday, Jun 26, 2017 - 08:43 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील): चोरों ने सैक्टर-35 में कपड़ों के शोरूम और कॉफी हाऊस का ताला तोड़कर हजारों की नकदी, कपड़े और डी.वी.आर. चोरी कर लिया। शोरूम मालिक गौरव गुप्ता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सैक्टर-36 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।

दोनों शोरूम से चोर करीब 64 हजार की नकदी ले गए। सैक्टर-36 थाना पुलिस ने चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। सैक्टर-42 निवासी गौरव गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका सैक्टर-35 में कपड़ों का शोरूम है। 24 जून की रात को वह शोरूम बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह शोरूम पर आए तो ताले टूटे मिले। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो चोरों ने गल्ले से चालीस हजार नकदी निकाल ली थी।

जब वह कैमरे की रिकार्डिंग देखने लगे तो डी.वी.आर. ही गायब थे। उन्होंने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इस दौरान पता चला कि साथ वाले कॉफी हाऊस के भी चोरों ने ताले तोड़कर 24 हजार नकदी और डी.वी.आर. चोरी कर ले गए। सैक्टर-36 थाना पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।

Advertising