शहर में बॉक्सिंग का उभरता सितारा सावन गिल

punjabkesari.in Friday, Oct 06, 2017 - 01:58 PM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : गोल्फ, क्रिकेट, हॉकी और फुटबाल में शहर का नाम रोशन करने के बाद अब बॉक्सिंग में भी कई युवा खिलाड़ी उभरकर सामने आ रहे हैं। शहर के सावन गिल भी बॉक्सिंग में उभरता सितारा हैं। हाल ही में सावन ने बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में पदक जीत कर शहर का नाम रौशन किया है। इसके अलावा हाल ही में बेहतरीन खेल के लिए 15 अगस्त, 2017 को पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. बदनौर ने सावन गिल को स्टेट अवार्ड से नवाजा। 

 

सावन ने जीते हैं कई पदक :

-चंडीगढ़ स्टेट बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में 7 स्वर्ण पदक जीते।

-स्कूल नैशनल गेम्स में 3 कांस्य पदक जीते।

-साल 2017 नैशनल गेम्स में एक स्वर्ण पदक जीता।

-साल 2017 में पंजाब के गवर्नर व चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. बदनौर ने

-स्टेट अवार्ड देकर सम्मानित किया।

-करनाल की घारी साधन पंचायत ने सम्मानित किया।

 

बॉक्सर मनोज कुमार आदर्श :
सावन गिल ने बताया कि बताया कि कॉमनवैल्थ गेम्स में बॉक्सिंग में मैडल जीतने वाले मनोज कुमार उनके आदर्श हैं। वह भी उन्हीं की तरह बॉक्सिंग चैम्पियन बनकर कॉमनवैल्थ गेम्स और ओलिम्पिक में पदक जीतना चाहते हैं। सावन के मुताबिक उन्होंने 2012 से बॉक्सिंग सीखनी शुरू की थी, जिसके बाद उन्होंने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू कर दिया। 

 

पढ़ाई में भी अव्वल :
सावन गिल के पिता आनंद प्रकाश हरियाणा पुलिस में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई में अव्वल है। उन्होंने बताया कि सावन श्री गोविंद सिंह खालसा कॉलेज में सैक्टर-26 में बी.ए. फस्र्ट एयर का छात्र है। कॉलेज के बाद सावन सैक्टर-42 के स्पोर्ट्स काम्पलैक्स में शाम 4:30 बजे से 7 बजे तक बॉक्सिंग का प्रैक्टिस करता है। 

 

सावन के पिता के मुताबिक वह सावन के खाने-पीने का विशेष ध्यान रखते हैं। कोच भागवंत सिंह ने बताया कि सावन कई सालों से शानदार खेल का प्रदर्शन कर रहा है। कई प्रतियोगिताओं में खुद को साबित भी कर चुका है। दो बार तो नैशनल कैंप में भी हिस्सा ले चुका है। 

 

इन प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटा सावन :
सावन गिल ने बताया कि इन दिनों वह तीन सबसे अहम प्रतियोगिताओं की तैयारियों में जुटा है। इनमें 9 अक्तूबर से शुरू होने वाली इंटर कालेज बॉक्सिंग चैम्पियनशिप और 23 अक्तूबर को विशाखापटट्नम में होने वाले सीनियर नैशनल गेम्स शामिल हैं। वह ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी के मुकाबले को लेकर भी सैक्टर-42 स्पोर्ट्स काम्पलैक्स में प्रैक्टिस कर रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News