बोलेनो का रंग हुआ फेड अब देनी होगी नई कार

Monday, Oct 29, 2018 - 08:42 AM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र): कार खरीदने के बाद उसका रंग फेड होने पर उपभोक्ता फोरम ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। फोरम ने नेक्सा और ऑटोपेस नैटवर्क प्राइवेट लिमिटेड को निर्देश दिया है कि वह शिकायतकर्ता को संयुक्त रूप से कार रिप्लेस करे। इसके बदले नई कार दे। साथ ही नई कार का रजिस्ट्रेशन खर्च भी अदा करे। यह निर्देश जिला उपभोक्ता विवाद निवारण फोरम-2 ने सुनवाई के बाद दिया है।  

शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह निवासी सैक्टर-41 बी चंडीगढ़ ने इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 चंडीगढ़ के एक मॉल स्थित नेक्सा और और ऑटोपेस नैटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में शिकायत दी थी। गुरप्रीत सिंह ने कहा कि उन्होंने दूसरे पक्ष से मारुति बोलेनो कार 11 मार्च, 2017 को छह लाख 40 हजार रुपए में खरीदी। कार पर बीमा के लिए 19 हजार 975 रुपए, 34 हजार 260 रुपए रजिस्ट्रेशन और 14 हजार 900 रुपए एसैसरीज पर खर्च किए। 

उन्होंने उपभोक्ता फोरम को बताया कि वर्ष 2017 के मार्च के अंत में जिस महीने में गाड़ी खरीदी, उसी महीने में कार के ऊपर कई जगह पर धब्बे बन गए। इस संबंध में दूसरे पक्षों को जानकारी दी गई। इसके बाद उनकी कार पर कोटिंग की गई। इस पर 2500 रुपए खर्च हुए। कार पर टॉप बॉडी कोटिंग के बाद और भी जगह पर उसका कलर फेड होने लगा। इस संबंध में दोबारा दूसरे पक्ष को सूचित किया गया। जांच के बाद पाया कि इसमें मैन्यूफैक्चरिंग डिफैक्ट है। दूसरे पक्ष की ओर से उपभोक्ता फोरम में पक्ष नहीं रखने पर उसे एकतरफा (एक्सपार्टी) करार दिया है। 

bhavita joshi

Advertising