MMS बनाकर करता रहा ब्लैकमेल, खौफ में जी रहा राजस्थान का दलित परिवार

Tuesday, Mar 13, 2018 - 12:16 PM (IST)

चंडीगढ़ (साजन): जीरकपुर के एम.एस. एन्क्लेव में अपने परिवार के साथ रह रही एक महिला से विनोद नामक व्यक्ति ने पहले दुष्कर्म किया और उसका एम.एम.एस. बनाया। इसके बाद महिला को धमकाया कि अगर किसी को बता दिया तो यह एम.एम.एस. इंटरनैट पर वायरल कर उसे बदनाम कर देगा। 

 

एम.एम.एस. की आड़ में जीरकपुर का यह शख्स डेढ़ साल तक ब्लैकमेलिंग कर दुष्कर्म करता रहा। इसकी शिकायत पुलिस के पास भी पहुंची लेकिन वह रुका नहीं, बल्कि महिला को सरेराह परेशान व बेइज्जत करने लगा। 

 

महिला का आरोप है कि आरोपी का राजनीतिक लोगों से संबंध है, लिहाजा पुलिस उस पर हाथ डालने की हिमाकत नहीं कर पा रही है। पीड़ित महिला के  तीन बच्चे हैं। आरोपी के खौफ के साए में जी रहा अनुसूचित जाति का यह परिवार बीते कुछ माह में अब तक तीन बार मकान बदल चुका है, ताकि  आरोपी घर तक न पहुंच जाए। 

 

पीड़ित महिला और उसका पति पुलिस के कई अफसरों के पास गुहार लगा चुके हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। हार कर उन्होंने राज्य और देश के अनुसूचित जाति आयोग के पास शिकायत भेजी है।  

 

इस राजस्थानी (झुंझनूवासी) परिवार के मुखिया ने बताया कि विनोद सैनी नामक आरोपी पड़ोस में ही रहता था। वह पीड़ित महिला के पति का दोस्त था। विनोद की यहीं दुकान थी। पीड़ित महिला के मुताबिक  एक दिन वह जब विनोद की दुकान पर पहुंची तो वहां विनोद अकेला था।
 

 

विनोद ने दुकान का शटर बंद कर लिया और गन प्वाइंट पर उसे विनोद ने कोई दवा दे दी, जिससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद विनोद ने उससे रेप किया और उसका एम.एम.एस. बना लिया। इससे वह स्तब्ध रह गई और उसने डर के मारे किसी से इसका जिक्र नहीं किया। इसके बाद तो ब्लैकमेलिंग का सिलसिला चल पड़ा। 

 

जब भी महिला का पति घर से बाहर होता, विनोद इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इस काम में कुछ अन्य लोग भी उसका साथ देते रहे। लगातार डेढ़ साल तक यह सिलसिला चलता रहा। पीड़ित महिला के मुताबिक आरोपी विनोद और उसके परिजनों ने गोल्ड रिंग, गोल्ड चेन व हर माह पैसा भी लेना शुरू कर दिया। 

 

आरोपी ने महिला की पिटाई भी की
पीड़िता ने बताया कि 16 फरवरी 2018 को वह जे.पी. हॉस्पिटल में अपने इलाज को गई और जब कैमिस्ट से दवा लेने जा रही थी तो आरोपी विनोद पीछा करते हुए पहुंचा और उसे पकडऩे लगा। महिला किसी तरह उससे छूटकर भागी और एक दुकान के पास छिप गई लेकिन आरोपी विनोद वहां भी पहुंच गया और पीड़ित महिला का हाथ पकड़ कर उसकी पिटाई करते हुए गालियां देने लगा। 

 

इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। पीड़िता ने उसी वक्त 100 नंबर पर कॉल कर मदद मांगी और पुलिस के आने का इंतजार करने लगी लेकिन 20-25 मिनट तक कोई नहीं पहुंचा। बूटा सिंह नामक ए.एस.आई. ने महिला को फोन कर पुलिस स्टेशन आने को कहा। 

 

वहां उसने शिकायत दी। 17 फरवरी 2018 को पीड़ित महिला ने एस.एस.पी. से फिर गुहार लगाई लेकिन आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। बीते कुछ समय में पीड़ित महिला और उसका परिवार अपनी सुरक्षा को लेकर तीन मकान बदल चुका है। 

 

एस.एच.ओ. ने न मैडीकल कराया, न ही एफ.आई.आर. दर्ज की 
पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी विनोद से इतनी परेशान हो गई कि आत्महत्या करने की सोचने लगी। आखिर उसने एक दिन हिम्मत करके सारी घटना पति को बयां कर दी। 

 

वह पत्नी के साथ जीरकपुर पुलिस स्टेशन पहुंचा और लिखित शिकायत दी लेकिन एस.एच.ओ. ने न तो मैडिकल इग्जामिनेशन कराया और न ही एफ.आई.आर. दर्ज की, क्योंकि आरोपी के इलाके के राजनीतिक प्रभाव वाले कई लोगों से संबंध हैं। 

 

13 फरवरी 2017 को एस.एस.पी. मोहाली को भी शिकायत दी गई लेकिन यहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित महिला और उसका पति डी.जी.पी. को शिकायत देकर आए लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। 

 

पुलिस अफसर बोले, मामला जानकारी में ही नहीं
पंजाब केसरी ने जब इस मामले में जीरकपुर थाने के एस.एच.ओ. पवन कुमार से संपर्क किया तो पवन कुमार ने कहा कि इस तरह की कोई शिकायत उनकी जानकारी में नहीं है। 

 

पीड़ित महिला की शिकायत उन तक पहुंची तो जरूर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, एस.एस.पी. कुलदीप चहल ने कहा कि उनके पास ढेर सारी शिकायतें आती हैं। किसी एक शिकायत के बारे में इस समय बता पाना संभव नहीं है। अगर ऐसा कोई मामला है तो इसे देखा जाएगा।

Advertising