अब भाजपा की बैठक होगी 13 मई को जिसमें सिर्फ मंत्री ही होंगे शामिल

Wednesday, May 11, 2016 - 09:37 AM (IST)

चंडीगढ़, (रमनजीत): पंजाब भाजपा की बैठक की तारीख और प्रारूप में बदलाव हुआ है। अब 11 मई के बजाय 13 मई को बैठक होगी। पहले विधायक, सी.पी.एस. व मंत्रियों को बैठक में शामिल होना था लेकिन अब सिर्फ भाजपा कोटे के चारों मंत्री ही बुलाए गए हैं। 
 
बैठक में मंत्रियों के अलावा प्रदेश प्रभारी, प्रदेश प्रधान और संगठन महामंत्री शामिल होंगे। सभी मंत्रियों को हाईकमान का ‘संदेश’ दिया जाएगा। उसी आधार पर नई जिम्मेदारियां तय होंगी। 
 
पार्टी सूत्रों के मुताबिक ‘व्यस्तता’ के कारण प्रदेश भाजपा की 11 मई को होने वाली बैठक अब 13 मई को होगी। प्रदेश भाजपा ने 11 मई को भाजपा विधायक दल नेता व कैबिनेट मंत्री चूनी लाल भगत और स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी को भाजपा कार्यालय में मौजूद रहने को कहा है। 
 
इस दौरान उन्हें वर्करों की समस्याएं सुनने को कहा गया है। मंगलवार को सभी विधायकों को 11 मई की बैठक के रद्द होने की सूचना दी गई। इसके साथ ही 15 मई को भी ‘खाली’ रहने के लिए कहा गया है, क्योंकि यदि 13 मई को किसी कारणवश बैठक न हो पाई तो हर हाल में 15 मई को होगी।⁠⁠⁠⁠

 

Advertising