विकास बराला की जमानत पंचकूला के नेता ने ली, 50 हजार का बेल बांड भरा

Monday, Aug 07, 2017 - 12:54 AM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील): हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला की जमानत पंचकूला के नेता ने ली है। जमानत लेने वाला भाजपा नेता कृष्ण कुमार ढुल ने 50 हजार का बेल बांड भरा है। कृष्ण कुमार ढुल भाजपा के प्रवक्ता हैं। उन्होंने बताया कि पारिवारिक संबंध के चलते उन्होंने विकास बराला की जमानत ली है। वहीं विकास बराला के दोस्त की जमानत चंडीगढ़ सैक्टर 11 निवासी सुधीर ने 50 हजार बेल बांड पर ली है।

 सूत्रों से पता चला था कि भाजपा नेता कृष्ण कुमार ढुल की गाड़ी भी दो दिन से पुलिस स्टेशन सैक्टर 26 थाना में खड़ी हुई थी। इसे खुद भाजपा नेता कृष्ण कुमार लेने आए थे। वहीं हरियाणा आईएएस की बेटी भी आरोपी विकास बराला और आशीष को सख्त सजा दिलाना चाहती है। इसके लिए युवती ने अदालत तक कानूनी लड़ाई लडऩे का निश्चय कर लिया है।

विदित रहे कि हरियाणा के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की बेटी शुक्रवार रात को चंडीगढ़ के सैक्टर-8 से अपनी गाड़ी में पंचकूला जा रही थी। आरोप है कि सैक्टर-7 के पैट्रोल पंप के पीछे से विकास बराला और आशीष गाड़ी में युवती की गाड़ी का पीछा करने लगे। सेक्टर-26 सब्जी मंडी चौक पर गाड़ी को रोककर अंदर घुसने की कोशिश भी की। इसके बाद युवती ने गाड़ी भगा ली थी। पीसीआर ने विकास बराला और आशीष को हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट पर गिरफ्तार कर लिया था।

केस साबित हुआ तो इतनी हो सकती है सजा

धारा 354डी (युवती का पीछा कर बातचीत का प्रयास) : आरोपी को तीन साल सजा और जुर्माना।

धारा 341 (जबरन रास्ता रोकने) : एक महीने की सजा और जुर्माना।

मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (शराब पीकर गाड़ी चलाना) : दो हजार रुपये जुर्माना और गाड़ी जब्त करना

कमजोर धाराएं लगाकर बचाया : मनीष तिवारी

कांग्रेस के सीनियर नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी का कहना है कि हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे और उसके दोस्त पर चंडीगढ़ पुलिस ने बहुत हह्यी कमजोर धाराएं लगाई हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद धाराओं का खेल कर दिया। विकास बराला और उसके दोस्त आशीष पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए थी।

मनीष तिवारी ने इस संदर्भ में सैक्टर-19 स्थित कोठी में प्रैस कांफैंस की। इस मौके पर चंडीगढ़ के पूर्व मेयर रविंदर पाल सिंह और चंद्रमुखी शर्मा मौजूद थे। तिवारी ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस ने दवाब में आकर कार्रवाई की है। हरियाणा के आईएएस की बेटी के साथ बहुत बुरा हुआ है।

पुलिस ने संगीन धाराएं न लगाकर आरोपी युवकों को बचाया है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर ने इतनी बड़ी घटना पर चुप्पी साध रखी है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी घटना को लेकर गैर जिम्मेदार बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करे। चंडीगढ़ में आने वाली महिलाएं और युवतियों के लिए सुरक्षा का इंतजाम करे, ताकि महिलाएं और युवती बिना किसी डर के शहर में घूम सके।

Advertising