धनास में छुपाया था बायो मैडीकल वेस्ट, CPCC ने किया सील

Saturday, Aug 19, 2017 - 10:43 AM (IST)

चंडीगढ़ (विजय गौड़/रविपाल) : चंडीगढ़ पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी (सी.पी.सी.सी.) ने शुक्रवार को धनास के गोदाम में रेड मारकर वहां से लगभग 1600 किलोग्राम बायो मैडीकल वेस्ट जब्त कर लिया। यह जी.एम.सी.एच.-32 का बताया जा रहा है। सी.पी.सी.सी. की ओर से कार्रवाई वीरवार को पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल सोसाइटी द्वारा पड़छ इलाके में एक कबाड़ी के पास से मिले मैडीकल वेस्ट के जब्त करने के बाद की गई। कमेटी को शुक्रवार को सूचना मिली कि धनास में किसी कबाड़ी के पास भी इसी तरह से भारी मात्रा में मैडीकल वेस्ट पड़ा है। इसके बाद सी.पी.सी.सी. की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। रेड के दौरान वहां बायो मैडीकल वेस्ट के ढेर पाए गए। 

 

कबाड़ी से जब इस बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि वह कई बार जी.एम.सी.एच-32 से मैडीकल वेस्ट ले चुका है। केवल धनास ही नहीं बल्कि शहर के कई अन्य हिस्सों में भी इसी तरह वेस्ट खुलेआम बेचा जा रहा है। सूत्रों की मानें तो यह बायो मैडीकल वेस्ट दिल्ली में सप्लाई किया जाना था। इस वेस्ट को रीसाइकिल करके फिर से मार्कीट में बेचा जाता है। हालांकि अभी इसकी जांच होनी बाकी है। कमेटी धनास से मैडीकल वेस्ट को बरामद कर उसे इंडस्ट्रीयल एरिया में ले गई, जहां शुक्रवार शाम तक यह चैकिंग चल रही थी कि कितना वेस्ट गोदाम में रखा गया था।

 

हॉस्पिटल्स को भेजे जाएंगे नोटिस
सी.पी.सी.सी. के अधिकारियों ने बताया कि यह मामला काफी गंभीर है इसलिए पी.जी.आई. और जी.एम.सी.एच. से इस बारे में जानकारी मांगी जाएगी। इसके लिए जल्द ही इन दोनों चिकित्सा संस्थानों को नोटिस भेजे जाएंगे। रिप्लाई मिलने के बाद एनवायरमेंट एक्ट-1986 के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी। वीरवार को पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल सोसाइटी ने पड़छ में इसी तरह रेड मारकर लगभग तीन ट्रक मैडीकल वेस्ट बरामद किया। 


 

कानूनी कार्रवाई की तैयारी
सी.पी.सी.सी. के वाइस चेयरमैन संतोष कुमार ने बताया कि गोदाम मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही कमेटी केस तैयार करेगी। संतोष कुमार ने कहा कि शहर के अन्य एरिया में भी आने वाले दिनों में इसी तरह का अभियान जारी रखा जाएगा। मैडीकल ऑफिसर्स की माने तो यह सारा बॉयो मैडीकल वेस्ट बाहरी राज्यों में सप्लाई किया जाता है। इसको रिसाइकिल कर बाजार में बेचा जाता है। धनास की कबाड़ी मार्कीट में जिस उपेंद्र नाम के व्यक्ति से यह सारा वेस्ट पकड़ा गया है वह पिछले एक वर्ष से इसे खरीद रहा है। लेकिन 2 महीनों से उसने नया माल नहीं खरीदा था। 

 

पी.जी.आई. ने इंक्वायरी मार्क की 
पड़छ में पकड़े गए पी.जी.आई. के बॉयो मैडीकल को लेकर पी.जी.आई. ने इंक्वायरी मार्क की है। पी.जी.आई. के पास वर्ष 1998 में दो इनसिनेटर्स लगे हुए हैं, जिसमें से फिलहाल एक ही सही तरीके से काम करता है। पी.जी.आई. में रोजाना 1500 किलोग्राम बॉयो मैडीकल वेस्ट डिस्पोज किया जाता है। इसमें पंजाब यूनिवर्सिटी, आई.एम.ए. और जी.एम.सी.एच. का वेस्ट भी शामिल है। पी.जी.आई. लंबे अर्से से नए इनसिनेटर्स लगाने की मांग कर रहा है। वहीं हाल ही में पी.जी.आई. ने चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से शहर से बाहर प्लांट लगाने का प्रोपोजल भी दिया था ताकि सारे शहर का बॉयोमैडीकल वेस्ट एक जगह ही जिस्पोज हो सके। 

Advertising