पति-पत्नी में विवाद के चलते ससुरालियों ने दामाद को पीटा

Sunday, Oct 13, 2019 - 12:47 PM (IST)

जीरकपुर(गुरप्रीत/मेशी) : पति-पत्नी के मामूली विवाद के बाद लड़की के परिजनों ने दामाद पर जानलेवा हमला कर दिया, इतना ही नहीं ससुरालियों ने लड़के के माता-पिता पर भी हमला कर दिया। यह घटना सी.सी.टी.वी. में कैद हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पीड़ित के सास-ससुर व साले सहित एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक बलटाना के हरमिलाप नगर निवासी सचिन गर्ग का 2017 में विवाह वैशाली निवासी ममता के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद उसकी पत्नी ने उसे कहा कि वह उसके परिवार वालों के साथ नहीं रहना चाहती। वह अपना काम कहीं अलग कर ले जिस पर सचिन ने हरमिलाप नगर में एक फ्लैट लेकर पत्नी के साथ अलग से रहना शुरू कर दिया लेकिन दुकानदारी अपने माता-पिता की जगह में ही जारी रखी क्योंकि वह परिवार का इकलौता पुत्र है। 

आरोप है कि उसके ससुराल वाले उसके घरेलू मामलों में दखलअंदाजी करते थे, जिसके कारण पति-पत्नी में विवाद बढ़ता जा रहा था। इसे लेकर ससुराल वाले उसे आए दिन धमकी देते रहे। पति का आरोप है कि 7 अक्तूबर को सुबह करीब साढ़े 10 बजे उसका ससुराल पक्ष के लोग उसकी दुकान पर आए और उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर ससुरालियों ने मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बचाने आई मां व पिता के साथ भी मारपीट की। 

यह देख आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच कर छुड़वाया। सारी वारदात दुकान में लगे सी.सी. टी.वी. में कैद हो गई है। जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सचिन गर्ग की शिकायत पर आरोपियों नरेश गोयल, वीर मति गोयल, हिमांशु गोयल निवासी मकान 50 वैशाली एन्क्लेव, बजरंग, संजय गोयल, हरी ओम गोयल, ऋण गोयल, अशोक गोयल, कृष्ण गोयल व 4-5 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न  धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Priyanka rana

Advertising