बेअंत सिंह हत्याकांड मामला, 5 लोगों के पूर्व बयान ट्रायल में दोहराने की CBI ने की अपील

Thursday, Oct 05, 2017 - 12:55 AM (IST)

चंडीगढ़, (संदीप): पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड मामले में बुधवार को बुड़ैल जेल स्थित विशेष अदालत में केस की सुनवाई हुई। इस दौरान दिल्ली सी.बी.आई. ने याचिका दायर की, जिसमें उन्होंने केस में गवाह रहे उन 5 लोगों के पूर्व के बयान जगतार सिंह तारा के खिलाफ चल रहे ट्रायल में दोहराने की अपील की, जिनकी अब मृत्यु हो चुकी है।

अदालत ने याचिका पर बचाव पक्ष को 23 अक्तूबर के लिए नोटिस किया है। सी.बी.आई. के अनुसार सी.आर.पी.सी. की धारा 299 के तहत उन 5 गवाहों के बयान इस केस में पहले से दर्ज हैं। इसलिए उनके पूर्व के बयान को तारा के खिलाफ केस में रिकार्ड में लाए जा सकता है।

केस के ट्रायल के दौरान 5 गवाह सी.एम. पटेल, इंस्पैक्टर विजय कुमार, डी.एस.पी. ए.जी.एम. कौल, डी.एस.पी. सी.बी.आई. आर.एस. धनखड़ और डी.एस.पी. एस.एन. सक्सेना की मृत्यु हो चुकी है। इनके पूर्व में बयान हो चुके हैं। उस समय तारा फरार चल रहा था। मामले में अब बचाव पक्ष 23 अक्तूबर को जवाब दाखिल करेगा।

Advertising