BCCI ने दिया आईपीएल-11 में मोहाली को बेस्ट स्टेडियम का अवाॅर्ड

punjabkesari.in Tuesday, May 29, 2018 - 09:12 AM (IST)

चंडीगढ़ (लल्लन): इंडियन प्रीमियर लीग (आई.पी.एल.)  सीजन-11 में भले ही किंग्स इलैवन पंजाब की टीम 7वें पायदान पर रही लेकिन मोहाली स्थित पी.सी.ए. स्टेडियम के मैदान ने इस टूर्नामैंट में बाजी मार ली। इसे आई.पी.एल.-11वें सत्र में सबसे बेहतरीन मैदान के खिताब से नवाजा गया है। 

 

इस दौड़ में मोहाली के पी.सी.ए. स्टेडियम के साथ वह सभी मैदान शामिल थे, जिनमें आई.पी.एल. के मैच खेले गए थे। बी.सी.सी.आई. ने पी.सी.ए. स्टेडियम को बैस्ट ग्राऊंड का खिताब दिया। वहीं पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को 25 लाख रुपए के ईनाम से भी नवाजा गया है। 

 

बी.सी.सी.आई. ने क्रिकेट मैदानों को दो कैटेगिरी में रखा था। एक में वह मैदान शामिल थे जहां सिर्फ 4 मैच खेले गए और दूसरी कैटेगिरी में वह मैदान थे, जहां आयोजक की तरफ सभी मैच खेले गए। इससे पहले भी पी.सी.ए. स्टेडियम कई बार अवार्ड हासिल कर चुका है। 

 

सुविधाओं के आधार पर किया चयन
पी.सी.ए. के प्रवक्ता सुशील कपूर ने बताया कि बी.सी.सी.आई. ने मैदान के कई मापदंडों को आधार बनाकर यह अवार्ड दिया है। इनमें मैदान की विकेट किस प्रकार की है, इसकी स्पीड तथा स्विंग के साथ आऊट फील्ड को भी देखा गया। यह भी ध्यान रखा गया कि मैच के दौरान बारिश हो जाती है तो कवर कितने बेहतर हैं। 

 

9वीं बार मिला पी.सी.ए. को अवार्ड
आई.पी.एल. के अभी तक 11 सीजन खेले जा चुके हैं। इनमें पी.सी.ए. स्टेडियम मोहाली को 9 बार सर्वश्रेष्ठ मैदान का अवार्ड हासिल हो चुका है। दो साल पी.सी.ए. को अवार्ड नहीं मिल सका। पी.सी.ए. स्टेडियम करीब 26 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम है। 

 

पी.सी.ए. स्टेडियम में था आखिरी मुकाबला !
पी.सी.ए. की ओर से नया स्टेडियम मुल्लांपुर में बनाया जा रहा है। अनुमान है कि यह स्टेडियम 2019 तक पूरा हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार नए साल में सभी इंटरनैशनल मुकाबले नए स्टेडियम में खेले जा सकते हैं। 

 

इसलिए माना जा रहा है कि आई.पी.एल. सीजन-12 के मैच भी नए स्टेडियम में होंगे। नए स्टेडियम के मैदान पर घास लगा दी गई है। बाकी कार्य भी तेजी से हो रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News