पूर्व DGP सुमेध सैनी से डेढ़ घंटे में पूछे 53 सवाल, SIT जवाबों से असंतुष्ट

Monday, May 18, 2020 - 09:51 AM (IST)

मोहाली(ब्यूरो) : 29 साल पुराने आई.ए.एस. के बेटे बलवंत सिंह मुल्तानी की किडनैपिंग मामले में रविवार को दूसरी बार सुमेध सैनी को पूछताछ के लिए सैक्टर-76 स्थित एस.एस.पी. ऑफिस बुलाया गया। इससे पहले उन्होंने पहली बार थाना मटौर में इन्वेस्टिगेशन ज्वाइन की थी। 

उस दौरान उनकी ओर से अपना पासपोर्ट भी सरैंडर किया गया था। वहीं जब सुमेध सैनी रविवार को एस.आई.टी. के सामने पेश हुए तो सूत्रों से पता चला कि पुलिस ने 53 सवालों की एक प्रश्नावली तैयार की थी। उसी में से सैनी से सवाल किए गए। सैनी ने प्रत्येक सवाल का जवाब दिया।

हालांकि सैनी ने शिकायकर्ता की तरफ से लगाए आरोपों को गलत बताया। पता चला है कि पुलिस अधिकारी कुछ जवाबों से संतुष्ट नहीं थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि सैनी को एक फिर पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। लेकिन वहीं जब एस.पी. इन्वेस्टिगेशन हरमनदीप हंस से जांच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने एक भी सवाल का जबाव देने से इंकार कर दिया और कहा कि अभी केस की जांच चल रही है।

जानकारी देने से बचती रही पुलिस :
पंजाब के पूर्व डी.जी.पी. सुमेध सैनी से रविवार को करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ सैक्टर-76 स्थित एस.एस.पी. आफिस में हुई। इस दौरान वहां पर पुलिस का कड़ा सुरक्षा पहरा था। किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। इतना ही नहीं एस.एस.पी. आफिस की तरफ जाने वाली सड़कों को भी बैरिकेड लगाकर बंद किया गया था। हालांकि वहां तैनात पुलिस स्टाफ से इस संबंध में पूछा गया तो उनका जवाब था कि अंदर सैनिटाइजेशन प्रक्रिया चल रही है।

जिसके चलते यह सारी प्रक्रिया चल रही है। हालांकि वह यह बताने से बचते रहे कि अदंर सैनी से पूछताछ चल रही है। शाम करीब साढ़े पांच बजे जैसे ही जांच खत्म हुई। उसके बाद सैनी का काफिला सीधे अपने घर की तरफ निकला। उनके काफिले में तीन गाडिय़ां थी। इसमें दो सुरक्षा जिप्सी थी। जो कि एक उनकी इनोवा कार से आगे तो दूसरी पीछे चल रही थी। वहीं, सैनी कोरोना बचाव को ध्यान में रखकर मास्क आदि लगाकर पहुंचे थे।

मीडिया को गच्चा देने की थी पूरी प्लानिंग :
जानकारी के मुताबिक पहले स्पैशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने मटौर थाने में पूर्व डी.जी.पी. सैनी को बुलाया था। इससे पहले भी उन्हें वहीं बुलाया गया था। ऐसे में वहां पर मीडिया कर्मी पहुंच गए थे। जबकि थाने में जगह भी कम है। ऐसे में सारी चीजों को ध्यान में रखकर पुलिस ने अपना प्लान बदल लिया था। जिसके बाद एस.एस.पी. आफिस में सुनवाई की गई। इस दौरान पूरे इलाके को सुरक्षा कड़ी की गई थी। 

ऐसे गठित हुई थी एस.आई.टी. :
29 साल पुराने आई.ए.एस. के बेटे बलवंत सिंह मुल्तानी के अपहरण मामले में पंजाब के पूर्व डी.जी.पी. सुमेध सिंह सैनी पर कुछ समय पहले मटौर थाने में केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एक स्पैशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एस.आई.टी.) गठित की थी। कोर्ट के आदेश पर सैनी ने इन्वेस्टिगेशन ज्वाइन कर ली। 

ज्ञात रहे कि 1991 में जब सुमेध सिंह सैनी एस.एस.पी. चंडीगढ़ के पद पर तैनात थे। उस समय उन पर एक आंतकी हमला हुआ था। इसमें उनका बचाव हो गया था। जबकि इस मामले में उनके चार सुरक्षा कर्मी मारे गए थे। इसके बाद सैनी के आदेश पर चंडीगढ़ पुलिस ने सीनियर आई.ए.एस. के बेटे बलंवत सिंह मुल्तानी को मोहाली स्थित घर से जबरदस्ती उठाया था। परिवार का आरोप था कि वह उसके बाद घर नहीं लौटा है। 

Priyanka rana

Advertising