स्मार्ट सिटी के लिए सेहत और शिक्षा पर ध्यान देने की जरूरत : बदनौर

punjabkesari.in Saturday, Mar 11, 2017 - 12:57 PM (IST)

चंडीगढ़(आशीष) : सैक्टर-31 के भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय में महत्वकांक्षा का शहर बनाने पर आयोजित विशेष सत्र की पंजाब के गवर्नर तथा यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने अध्यक्षता की। 

 

चंडीगढ़ को महत्वकांक्षा का शहर बनाने पर पंजाब के गवर्नर और यू.टी. के प्रशासक ने कहा कि हमें शहर के समग्र विकास के लिए समाज के हर वर्ग हेतु अभी बहुत कुछ करना है क्योंकि हम चंडीगढ़ को स्मार्ट सिटी बनाने की तरफ बढ़ रहे हैं। स्मार्ट सिटी के रूप में चंडीगढ़ प्रशासन को स्वास्थ्य देखभाल और शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सी.आई.आई. से शहर के संपूर्ण विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सुझावों का वे स्वागत करते हैं। 

 

सी.आई.आई. उत्तरी क्षेत्र की अध्यक्ष रुमझुम चैटर्जी ने कहा कि बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली लोगों की उपलब्धता जो नई भूमिकाएं और जिम्मेदारियों को उठाने के लिए तैयार हैं, शहर की एडवांटेज है। शहर में एक मजबूत उद्यमी पारिस्थितिकी तंत्र है जिसमें स्टार्ट-अप को प्रोत्साहित करने के लिए अवसर हैं। सी.आई.आई. चंडीगढ़ काऊंसिल के पूर्व चेयरमैन डा. दिनेश दुआ ने कहा कि चंडीगढ़ एक आधुनिक प्रगतिशील शहर के सभी मानदंडों पर अपने आधुनिक बुनियादी ढांचे, अपने नागरिकों के लिए सर्वोत्तम सुविधाओं के साथ खरा उतर रहा है और अब सी.आई.आई. और यू.टी. प्रशासन स्मार्ट सिटी बनाने के लिए एक साथ काम कर रहे हैं।

 

इस अवसर पर पूर्व सांसद सत्य पाल जैन, भाजपा प्रमुख संजय टंडन, सलाहकार परिमल राय, गृह सचिव अनुराग अग्रवाल, महापौर आशा कुमारी जसवाल, ब्रिटिश उप उच्चायुक्त डेविड लेलोइट व गण्यमान्य व्यक्ति शामिल थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News