75 वर्षों में भारत एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में उभरा: बंडारू दत्तात्रेय

punjabkesari.in Saturday, Mar 25, 2023 - 08:48 PM (IST)

चंडीगढ़,(पांडेय): हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शनिवार को कहा कि 75 वर्षों में भारत एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में उभरा है। भारत के सर्वोच्च न्यायालय और चुनाव आयोग जैसे संवैधानिक निकायों ने हमारे संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। चुनौतीपूर्ण समय के दौरान भी भारत संविधान के ढांचे के भीतर प्रभावी समाधान खोजने में सफल रहा हैं। दत्तात्रेय शनिवार को नई दिल्ली में कस्तूरबा गांधी रोड स्थित न्यू महाराष्ट्र सदन में संसद रत्न पुरस्कार समारोह के 13वें संस्करण में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नागरिक समाज की ओर से शीर्ष प्रदर्शन करने वाले सांसदों को सम्मानित करने की अवधारणा की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम की प्रेरणा से हुई थी। प्राइम प्वाइंट फाऊंडेशन और ई-पत्रिका प्रीसेंस 2009 से ये पुरस्कार प्रदान करते आ रहे हैं। 12 संस्करणों में इन्होंने 90 पुरस्कार प्रदान किए हैं। 

 

 

 


उन्होंने कहा कि संसद में प्रत्येक सांसद को मर्यादा और अनुशासन के साथ आचरण करना चाहिए तभी वे लोकतांत्रिक मूल्यों के स्तर को ऊंचा उठा पाएंगे। उन्हें याद रखना चाहिए कि संसद विचार-विमर्श करने, चर्चा करने और लोगों की समस्याओं को हल करने का एक मंच है। पार्टी लाइन से ऊपर उठकर संसद में सभी राजनीतिक दलों और नेताओं ने संसदीय मूल्यों को संजोए रखने में योगदान दिया है। साथ ही दत्तात्रेय ने कहा कि उनका मानना है कि सोशल मीडिया के विकास और जनता के बीच राजनीतिक जागरूकता के साथ, सभी सांसदों और विधायकों की जिम्मेदारी बढऩे वाली है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सभी पुरस्कार विजेताओं के लिए भेजा गया बधाई संदेश भी मंच से पढ़कर सुनाया गया।
 

 

 

 

13 सांसदों, दो संसदीय समितियों और एक वेटरन को डॉ. अब्दुल कलाम लाइफ टाइम अचीवमैंट अवॉर्ड से नवाजा 
समारोह में 13 सांसदों, दो संसदीय समितियों और एक वेटरन राजनेता को डॉक्टर अब्दुल कलाम लाइफ टाइम अचीवमैंट अवार्ड  से सम्मानित किया गया। इनमें विद्युत बरन महतो (भाजपा, झारखंड), डॉ. सुकांत मजूमदार (भाजपा, पश्चिम बंगाल), कुलदीप राय शर्मा (कांग्रेस, अंडमान निकोबार द्वीप समूह), डॉ. हीना विजय कुमार गावित (भाजपा, महाराष्ट्र), अधीर रंजन चौधरी, गोपाल चिनय्या शेट्टी (भाजपा महाराष्ट्र), श्री सुधीर गुप्ता (भाजपा मध्यप्रदेश) और डॉ. अमोल रामसिंह कोल्हे (एनसीपी, महाराष्ट्र) को 17वीं लोकसभा में विभिन्न श्रेणियों में उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। टी.के. रंगराजन दो कार्यकाल के लिए पूर्व राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ सी.पी.आई.एम. नेता को भारतीय राजनीति में उनके योगदान के लिए डॉक्टर अब्दुल कलाम लाइफ टाइम अचीवमैंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

 

 


डॉ. जॉन ब्रिटास, डॉ. मनोज कुमार झा, फौजिया तहसीन अहमद खान को 2022 में राज्यसभा में उनके प्रदर्शन के लिए वर्तमान सदस्य श्रेणी के तहत सम्मानित  किया गया है। विशंभर प्रसाद निषाद, और छाया वर्मा को पूर्ण कार्यकाल के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 2022 में सेवानिवृत्त राज्य सभा सदस्य श्रेणी के तहत सम्मानित किया गया। स्थायी समितियों की श्रेणी के तहत वित्त समिति (लोकसभा समिति-अध्यक्ष- जयंत सिन्हा, भाजपा, झारखंड) और परिवहन, पर्यटन और संस्कृति समिति (राज्य सभा समिति-अध्यक्ष वी. विजयसाई रेड्डी, वाईएसआर 17वीं लोकसभा की शुरुआत से 2022 के शीतकालीन सत्र के अंत तक उनके उत्कृष्ट संचयी प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। समारोह को केंद्रीय संसदीय कार्य और संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी संबोधित किया। के श्रीनिवासन, संस्थापक और अध्यक्ष, संसद रत्न पुरस्कार समिति और प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन, डॉ. प्रियदर्शनी राहुल, पुरस्कार समिति की अध्यक्ष और ट्रस्टी-सचिव, प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन और आयोजन समिति के अन्य सदस्यों को भी समारोह में सम्मानित किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News