सैक्टर-27 में बॉलीवुड एक्ट्रैस अलंकृता के घर लूट करने वालों का ऑटो चालक साथी गिरफ्तार

Friday, Sep 10, 2021 - 12:52 AM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील राज): बॉलीवुड एक्ट्रैस अलंकृता सहाय के घर मेें घुसकर चाकू के दम पर छह लाख की लूट को अंजाम देने के समय चौथा लुटेरा कोठी के बाहर मौजूद था। वह कोठी के बाहर ऑटो में बैठकर लोगों पर नजर रखे हुआ था। सैक्टर-26 थाना पुलिस ने सी.सी.टी.वी. की मदद से चौथे आरोपी ऑटो चालक को वीरवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। 
आरोपी मोहाली स्थित शाहीमाजरा का रहने वाला है। वही अपने ऑटो में अर्जुन समेत तीनों को शाहीमाजरा से सैक्टर-27 निवासी बॉलीवुड एक्ट्रैस अलंकृता सहाय के घर पर लेकर आया था और वारदात के बाद उसी के ऑटो से फरार हुए थे। पुलिस ऑटो चालक की निशानदेही पर अर्जुन समेत अन्य की तलाश कर रही है।

 


वारदात से दो दिन पहले रैकी की थी लुटेरों ने
लुटेरा अर्जुन अपने साथियों के साथ 30 अगस्त को अलंकृता सहाय के घर में फर्नीचर छोडऩे आया था। अर्जुन ने सहाय के रहन-सहन और अकेला होने को देख कर ही दोस्तों के साथ लूट की योजना बनाई थी। उसने शाही माजरा में पड़ोस मेंं रहने वाले ऑटो चालक को गिरोह में शामिल किया। ऑटो चालक ने पुलिस को बताया कि वारदात से तीन दिन पहले उन्होंने सैक्टर-27 में आकर अलंकृता सहाय की कोठी के बाहर रैकी की थी। उन्हें पता था कि दोपहर के समय अलंकृता सहाय अकेली होती है इसलिए उन्होंने दोपहर के समय लूट करने की योजना बनाई थी। उसने बताया कि लूट की वारदात के बाद सभी साथी मोहाली जाकर अलग-अलग हो गए थे।


एफ.आई.आर. में लुटेरे अर्जुन को किया नामजद
अलंकृता सहाय के बयानों पर दर्ज एफ.आई.आर. में सैक्टर 26 थाना पुलिस ने लुटेरे अर्जुन को नामजद किया है। उसमें लिखा है कि अर्जुन ही उसके घर पर 30 अगस्त को फर्नीचर छोडऩे आया था। इसके अलावा अर्जुन पर साल 2019 में मोहाली फेज एक में चोरी का केस दर्ज  हुआ था। उसे अदालत ने 25 मई 2019 को दो साल की सजा सुनाई थी। रोपड़ जेल में सजा पूरी करने के बाद 10 मई, 2021 को अर्जुन जेल से बाहर आकर काम की तलाश कर रहा था। 10 दिन पहले लुटेरा अर्जुन फर्नीचर की दुकान पर काम पर लगा था।

AJIT DHANKHAR

Advertising