चंडीगढ़ में ऑटो रिक्शा चालकों पर STA ने शिकंजा कसना किया शुरू

punjabkesari.in Wednesday, Dec 13, 2017 - 08:06 AM (IST)

चंडीगढ़(विजय) : चंडीगढ़ में चल हजारों ऑटो रिक्शा चालकों पर स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एस.टी.ए.) ने अब शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खासकर पिछले कुछ समय से वारदातों में ऑटो रिक्शा चालकों के शामिल होने के बाद एस.टी.ए. ऑटो रिक्शा में भी ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम (जी.पी.एस.) को लगाना कंपल्सरी कर सकता है। 

 

एस.टी.ए. के अधिकारियों का कहना है कि जी.पी.एस. पर इस समय काम चल रहा है। यह संभावनाएं तलाशी जा रही हैं कि चंडीगढ़ के भीतर भी जो भी ऑटो रिक्शा आएं, उसमें जी.पी.एस. लगा हो। अधिकारियों का कहना है कि जी.पी.एस. लगने से किसी भी ऑटो रिक्शा की लोकेशन तुरंत देखी जा सकेगी। 

 

हालांकि एस.टी.ए. इस समय इसी प्रोजैक्ट पर काम कर रहा है कि कैसे यह सिस्टम शुरू किया जा सकता है। यू.टी. के ट्रांसपोर्ट डिपार्टमैंट ने एस.टी.ए. के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस को प्रोपोजल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। 

 

पुलिस वैरिफिकेशन भी होगी जरूरी :
एस.टी.ए. अब चंडीगढ़ में चलने वाले सभी ऑटो रिक्शा की पुलिस वैरिफिकेशन भी जरूरी करने जा रहा है। दरअसल मौजूदा समय में सैंकड़ों ऐसे ऑटो रिक्शा शहर की सड़कों में घूम रहे हैं, जिनके बारे में कोई रिकॉर्ड एस.टी.ए. के पास नहीं है। 

 

यही वजह है कि शहर में वारदात करने के बाद ऑटो रिक्शा चालक शहर छोड़कर फरार हो जाते हैं। कुछ दिन पहले हुए रेप के मामले में भी एस.टी.ए. और चंडीगढ़ पुलिस के सामने ऐसी ही परेशानी सामने आई थी। इसके बाद अब पुलिस वैरिफिकेशन भी जरूरी होने जा रही है। पुलिस वैरिफिकेशन रिपोर्ट ऑटो रिक्शा चलाने वाले को उसी ऑटो में अपनी फोटो के साथ लगानी जरूरी होगी। 

 

टैंपरेरी नंबर वाले ऑटो रिक्शा होंगे इम्पाऊंड :
अब ऑटो रिक्शा में सभी डॉक्यूमैंट्स रखने अनिवार्य कर दिए गए हैं। यह उस ऑटो रिक्शा ओनर की जिम्मेदारी होगी जो किराये पर आगे ऑटो चलाने के लिए देते हैं। तय समय के बाहर टैंपरेरी नंबर के जो भी ऑटो रिक्शा इस समय चल रहे हैं, उनके अब चालान नहीं होंगे। 

 

एस.टी.ए. अब इन ऑटो रिक्शा को इम्पाऊंड करेगा। इनको रिलीज तभी किया जा सकेगा जब ऑटो रिक्शा को लेकर सारे डॉक्यूमैंट्स दिखाए जाएंगे और ऑटो का ओनर खुद एस.टी.ए. ऑफिस पहुंचेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News