चंडीगढ़ के हैरीटेज फर्नीचर की न्यूजीलैंड में हुई ऑक्शन

Thursday, Jun 27, 2019 - 09:26 AM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र) : शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने के चलते चंडीगढ़ के हैरीटेज फर्नीचर की न्यूजीलैंड में सफल ऑक्शन हो गई। दो आइटम्स को ऑक्शन में रखा जाना था लेकिन हालांकि इसमें से एक ही आइटम्स की ऑक्शन हुई है। इस संबंध में केंद्रीय गृहमंत्री को शिकायत दी गई। 

शिकायत में मांग की गई है कि इसकी जांच की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हैरीटेज प्रोटेक्शन सैल के सदस्य एडवोकेट अजय जग्गा ने गृहमंत्री को ये शिकायत भेजी है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विदेशों में हेरिटेज फर्नीचर की कई बार ऑक्शन हो चुकी है, लेकिन बावजूद इसके इसे रोकने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए जाते हैं।

25 जून को हुई ऑकलैंड में ऑक्शन :
एडवोकेट अजय जग्गा ने इससे पहले भी गत 9 जून को गृहमंत्री को शिकायत दी थी और इस ऑक्शन पर रोक लगाने की मांग की थी, ताकि वित्तीय नुक्सान और हैरीटेज धरोधर को बचाया जा सके। एम.एच.ए. ने हैरीटेज फर्नीचर की ऑक्शन और तस्करी पर रोक लगाई हुई है। 

शिकायत में उन्होंने बताया कि 25 जून को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में ये ऑक्शन हुई, जिसमें चंडीगढ़ चेयर्स दो आइटम्स की सफल ऑक्शन की गई, जिसकी वैल्यू 18.50 लाख के करीब थी। उन्होंने कहा कि इंडियन हेरिटेज फर्नीचर की इस लूट को बचाने के लिए प्रमुख देशों के साथ इस मुद्दों को उठाया जाना चाहिए, जहां पर ऐसी ऑक्शन हो रही है। उन्होंने कहा कि एम.एच.ए. ने ऑक्शन पर बैन लगाने के निर्देश जारी किए हुए हैं, लेकिन बावजूद इसके लगातार ऐसी ऑक्शन जारी है। 

Priyanka rana

Advertising