पैट्रोल पंप के 4 कारिंदों पर हमला कर छीने 10 हजार, 23 पर केस
Wednesday, Jan 29, 2020 - 11:46 AM (IST)
डेराबस्सी(गुरप्रीत) : मुबारिकपुर-रामगढ रोड पर स्थित बालाजी फीलिंग स्टेशन नामक पेट्रोल पंप पर बीती रात कुछ लोगों ने पंप के चार करिंदो पर हमला कर 10 हजार रूपए छीन लिए। घटना पंप पर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गई। हमले में जख्मी दो करिंदों को डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने इस मामले में 23 हमलावरों के खिलाफ़ मामला दर्ज किया है।
मुबारिकपुर पुलिस चौकी के हवलदार हरनेक सिंह ने बताया कि घायल रवि कुमार के अनुसार बीती रात करीब 10 बजे वह अपने 3 अन्य साथियों के साथ पेट्रोल पंप पर ड्यूटी दे रहा था। इस दौरान कुछ युवक पेट्रोल पंप पर आकर आपस में झगड़ा करने लगे। जिनको उसने रोकने पर उल्टा उसके साथ झगड़ पड़े।
इस दौरान मौके पर मौजूद युवकों ने फोन कर अपने 2 दर्जन साथी वहां बुला लिए। जिन्होंने डंडों से उन पर हमला कर करिंदों को घायल कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन उससे पहले हमलावर फरार हो चुके थे।
जांच अधिकारी हरनेक सिंह ने बताया कि उक्त घटना पेट्रोल पंप पर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गई। जिस पर पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर हनी, आकाश, अमन, प्रिंस और उसके भाई, विजय, संजय, बिकी, बुद्धराम समेत उनके करीब 15 अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक घायल रवि व अमरदीप को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।