रंजिश में दो गुटों में झड़प, 4 घायल, एक की हालत नाजुक

Monday, Mar 25, 2019 - 11:46 AM (IST)

नयागांव(मुनीष) : मोहाली के गांव कंसाला में रंजिश के चलते दो गुटों में झड़प हो गई। इसमें चार लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे चंडीगढ़ पी.जी.आई. रैफर किया गया है। तीन घायलों का खरड़ के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना उस वक्त हुई जब एक गुट का जसविंदर सिंह अपने कुछ साथियों के साथ गांव में घूम रहा था। दूसरे गुट से उसकी किसी बात को लेकर बहस हो गई। कुछ देर बाद दूसरे गुट के कुछ और लोग वहां आए और जसविंदर व उसके साथियों पर डंडों व तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। दूसरे गुट के जसवीर, परमजीत व बलबीर भी घायल हो गए। जसविंदर के सिर में गहरी चोटें आई हैं। उसे पी.जी.आई. रैफर किया गया है। बाकी तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

6 लोगों को राऊंडअप किया :
पुलिस ने 6 लोगों को राऊंडअप किया है, जिनसे पूछताछ जारी है। थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि दोनों गुटों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गांव कंसाला में उक्त घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, जहां पुलिस तैनात की जा चुकी है।

Priyanka rana

Advertising