लव मैरिज से नाराज भाइयों ने बहन के पति पर किया हमला
punjabkesari.in Wednesday, Jun 27, 2018 - 12:48 PM (IST)
चंडीगढ़(संदीप) : एक युवती द्वारा लव मैरिज करने से नाराज उसके भाइयों ने उसके पति पर तेजधार हथियारों से कातिलाना हमला कर दिया। इस वारदात में घायल मनीमाजरा निवासी पुलकित को गम्भीर चोटें आने के चलते पी.जी.आई. में भर्ती करवाया गया है। उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है। पुलिस ने युवती के 2 भाइयों सतनाम सिंह और राजबीर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पुलिस दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश करेगी।
जानकारी के अनुसार मनीमाजरा मॉडर्न हाऊसिंग काम्प्लैक्स निवासी पुलकित चौधरी की कुछ समय पहले ही सतनाम व राजबीर की बहन से लव मैरिज हुई थी। इसको लेकर युवती के दोनों भाइयों में नाराजगी थी। उन्होंने पुलकित को उनकी गली में से आने-जाने के लिए सख्त मना किया था। मंगलवार रात पुलकित अपनी पत्नी के साथ कार में आइसक्रीम खाने के लिए निकला था।
इस दौरान राजबीर और सतनाम ने उन्हें एक गली में देख लिया। दोनों ने गुस्से में आकर पुलकित की कार को घेरकर उस पर तेजधार हथियारों से वार कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। इस दौरान दोनों ने उसकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर लोगों को एकत्र होते देख दोनों फरार हो गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को देते हुए पुलकित को सैक्टर-32 अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गम्भीर देख डाक्टरों ने उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया।