लक्की ढाबे के मालिक पर जानलेवा हमला

punjabkesari.in Thursday, Jun 14, 2018 - 02:13 PM (IST)

मोहाली(कुलदीप) : लांडरां-बनूड़ रोड पर गांव दैड़ी नगारी के नजदीक स्थित लक्की ढाबे के मालिक पर कुछ लोगों द्वारा हमला किए जाने का समाचार है। हमले में ढाबे का मालिक बलजिन्द्र सिंह सैणी गंभीर रूप में घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल फेज-6 में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने घायल ढाबा मालिक सैणी के बयानों पर सोहाना थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। 

बयानों में लक्की ढाबे के मालिक बलजिन्द्र सिंह सैणी ने बताया कि वह लांडरां-बनूड़ रोड पर गांव नगारी के नजदीक लक्की ढाबे का मालिक है। तीन दिन पहले रात को सवा 2 बजे के करीब सफेद रंग की बलैरो उनके ढाबे पर रुकी। जीप में सवार व्यक्तियों ने जीप का हॉर्न बजाते रहे। 

जब वह ढाबे से बाहर नहीं निकला तो जीप में से शराब का ठेकेदार हरजिन्द्र सिंह नीचे उतर कर आया, जिसके हाथ में बेसबाल था। उसके साथियों जसवीर सिंह तथा अमनदीप उर्फ अमना निवासी गांव बरियाली के हाथा में लोहे की राडें व किरपानें थीं। उक्त व्यक्ति कहा कि आज वे उसे नहीं छोड़ेंगे। 

बलजिन्द्र ने बताया कि जब वह इतने व्यक्तियों में से जान बचाकर भागने लगा तो जसवीर ने राड से उसके सिर पर हमला कर दिया। ढाबे पर काका सिंह निवासी गांव मानकपुर तथा लक्खी आ गए, जिसने शोर मचाया। शोर मचाने पर सभी आरोपी फरार हो गए। घायल बलजिन्द्र ने बताया कि उक्त हमलावरों ने उसके ढाबे पर तोड-फोड़ की। जेब से तीस हजार अन्य कागजात भी ले गए। यह हमला पड़ौसी ढाबे कीरत ढाबे वालों द्वारा किया गया है। 

पुलिस स्टेशन सोहाना में सैणी की शिकायत पर पुलिस ने हरजिन्द्र सिंह ठेकेदार, जसवीर सिंह, अमनदीप सिंह तथा तीन अज्ञात व्यक्तियों खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संपर्क करने पर हरजिन्द्र सिंह ठेकेदार ने कहा कि यह लक्की ढाबे तथा कीरत ढाबे वालों की आपसी लड़ाई है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News