अस्थमा कोई गंभीर बीमारी नहीं, बस सही इलाज की जरूरत
punjabkesari.in Friday, Apr 29, 2016 - 09:07 AM (IST)
.jpg)
चंडीगढ़ (रवि): बीमारी कितनी भी बड़ी हो लेकिन उसका सही इलाज हो तो बड़ी से बड़ी बीमारी को भी जड़ से खत्म किया जा सकता है। ऐसे ही अगर छोटी सी बीमारी को हल्के में लिया जाए तो वह कितना नुकसान कर सकती है इसका अंदाजा लगाना बहुत मुश्किल है। ऐसे ही अस्थमा के लिए सही इलाज की जरूरत है व सही इलाज से आप एक हैल्दी लाइफ जी सकते हैं। अस्थमा से डरने की नहीं बल्कि इससे लडऩे की जरुरत है। अक्सर हम अस्थमा की बीमारी को नजरअंदाज कर स्थिति ज्यादा गंभीर बना लेते हैं।
यह कहना है पी.जी.आई. के पैडियाट्रिक मैडीसिन विभाग की डा. मीनू सिंह का। डा. मीनू ने बताया कि वह रोजाना करीब 10 से 15 अस्थमा मरीजों को देखती हैं व उन्हें सिर्फ दवाई रैगुलर रखने की सलाह दी जाती है। उन्होंने बताया कि 70 प्रतिशत ऐसे मरीज हैं जो दवाई सही ढंग नहीं लेते या बीच में ही छोड़ देते हैं। इससे स्थिति काफी बिगड़ जाती है। उन्होंने बताया कि अगर परिवार में ये बीमारी किसी को हो तो बच्चों में इसके होने की आशंका बढ़ जाती है।
चंडीगढ़ की स्थिति :
डब्ल्यू.एच. ओ. फैक्टशीट 206 के अनुसार दुनियाभर में करीब 100 से 150 मिलियन लोग अस्थमा से की जद में हैं जो रूस की जनसंख्या के बराबर है। अगर भारत की बात करें तो इस वक्त 5 से 20 मिलियन लोग इस बीमारी की चपेट में हैं। दिल्ली बेंगलूर मुंबई जैसी मैट्रो सिटीज इसमें सबसे आगे हैं। वहीं चंडीगढ़ में करीब 10 हजार लोग इस बीमारी की चपेट में हैं।