Pics: जाट आरक्षण पर बोले सुभाष बराला और कहा...

Sunday, Mar 29, 2015 - 05:57 PM (IST)

चंडीगढ़: चंडीगढ़ और एस.वाई.एल. का मुद्दा भाजपा ने एक बार फिर गरमा दिया है। आज रोहतक पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने साफ तौर पर चंडीगढ़ व एस.वाई.एल. के पानी पर अपना हक जता दिया है।

उन्होंने कहा कि यह मुद्दा आज का विषय नहीं है। सत्ता परिवर्तन के साथ-साथ समय पर यह मुद्दा उठता रहा है। चंडीगढ़ पर हरियाणा का पूर्ण अधिकार है, जहां तक एस.वाई.एल. की बात है तो पहले भी लड़ाई लड़ते रहे हैं। इस मामले में हरियाणा सरकार पूरा प्रयास कर रही है।

भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर बराला ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों के नेता ही किसानों को बहका रहे हैं। इस मामले में सारा आंदोलन विपक्षियों की देन है, जबकि भाजपा सरकार पूर्ण रूप से किसान हितैषी है। स्वामीनाथन आयोग के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के बहुत बड़े हिस्से पर काम चल रहा है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने जाट आरक्षण पर कहा कि कानून के मुताबिक भाजपा सरकार काम करेगी। पिछली यूपीए सरकार ने वोट बैंक की राजनीति के चलते आरक्षण लागू किया था। यूपीए ने आनन-फानन में ही निर्णय लिया था। वहीं, प्रदेश भर में हो रहे आंदोलनों पर सुभाष बराला ने कहा कि पिछली सरकार की अदूरदर्शिता के चलते ही यह सब कुछ हो रहा है।

Advertising