विज व खट्टर दौड़ेंगे एक साथ

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2015 - 04:04 AM (IST)

चंडीगढ़ (पांडेय): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के बीच छिड़े विवाद पर अब प्रदेश भाजपा प्रभारी डा.अनिल जैन की कोशिशों का असर दिखने लगा है। रविवार को खट्टर और विज एक साथ दौड़ लगाते नजर आएंगे। अब गौर करने वाली बात यह है कि इस दौड़ में कौन आगे निकलेगा। माना जा रहा है कि यह दौड़ खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने से ज्यादा दोनों नेताओं के आपसी मतभेद भुलाने को लेकर हो रही है। वजह साफ है कि राजनीति के प्लेटफार्म पर एक साथ दौड़ रहे दोनों नेताओं में पिछले कुछ दिनों में जो मतभेद सामने आए थे, उसमें मुख्यमंत्री की यह कसरत काफी कारगर साबित हो सकती है।

खुद सी.एम. ने किया विज को फोन :
मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीरवार को अपने पैतृक गांव रोहतक में बनियानी के दौरे पर थे। अम्बाला में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम की पहले से कोई योजना नहीं थी। सूत्रों के अनुसार भाजपा प्रभारी से बातचीत के बाद ही इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसके चलते मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खुद शाम करीब 4.30 मिनट पर फोन करके अनिल विज को इस कार्यक्रम के बारे में सूचित किया, और कहा कि वह उनके शहर में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव को विज ने स्वीकार करते हुए खुद कार्यक्रम की तैयारियों संबंधी अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News