हरियाणा के कांग्रेसी विधायक के रिश्तेदार का पोता एक करोड़ की हैरोइन के साथ काबू

Thursday, Jan 30, 2020 - 08:55 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : हरियाणा स्थित बड़ौदा से कांग्रेसी विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा के रिश्तेदार के पोते को एक करोड़ की हैरोइन के साथ सैक्टर-39 थाना पुलिस ने जीरी मंडी के पास काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहतक के सदर निवासी अमित कुमार (34) के रूप में हुई है। 

आरोपी के पास 201 ग्राम हैरोइन बरामद हुई है। सैक्टर-39 थाना पुलिस ने अमित कुमार के खिलाफ एन.डी.पी.एस. के तहत मामला दर्ज कर उसे जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

जीरी मंडी के पास पकड़ा :
सैक्टर-39 थाना पुलिस जीरी मंडी के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को एक युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने युवक को रुकने का इशारा किया तो युवक भागने लगा। पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी रोहतक के सदर निवासी अमित कुमार के पास 201 ग्राम हैरोइन बरामद की। आरोपी ने पुलिस को हरियाणा स्थित बड़ौदा विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा के पोता होने का दावा किया। 

जांच में पता चला कि आरोपी हरियाणा एम.एल.ए. हॉस्टल के कमरा नंबर 108 में रुका हुआ था। जांच में पता चला कि आरोपी दिल्ली से हैरोइन लाकर चंडीगढ़ सप्लाई करता था। उधर, डी.एस.पी. पी.आर.ओ. चरनजीत सिंह ने बताया कि अमित कुमार को 201 ग्राम हैरोइन के साथ काबू किया है। आरोपी ने खुद को बड़ौदा के विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा का पोता होने का दावा किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 

Priyanka rana

Advertising