चंडीगढ़-फिरोजपुर एक्सप्रैस पर पथराव, तीन नाबालिग गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Jan 06, 2020 - 09:09 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रात को निकली चंडीगढ़-फिरोजपुर सुपरफास्ट ट्रेन नंबर-14613 पर नाबालिगों ने पथराव कर दिया। हालांकि पथराव में ट्रेन में सवार किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई लेकिन ट्रेन के कई शीशे और लाइटें टूट गई। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से जैसे ही यह ट्रेन मोहाली के लिए निकली तो रास्ते में यह घटना हुई। 

ट्रेन में मौजूद आर.पी.एफ. के कर्मचारियों ने चंडीगढ़ आर.पी.एफ. को इसकी सूचना दी। ट्रेन से चंडीगढ़ आर.पी.एफ. को घटनास्थल की लोकेशन दी गई। इसके बाद ए.एस.आई. जोगिंदर नेगी के नेतृत्व में एक टीम घटनास्थल के लिए देर रात रवाना की गई। ए.एस.आई. जोगिंदर नेगी ने बताया कि तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। 

किलोमीटर नंबर-2/18 के पास पकड़ा :
नेगी ने बताया कि कांस्टेबल नवीन कुमार और कांस्टेबल सुनील ने चंडीगढ़-मोहाली के बीच किलोमीटर नंबर-2/18 के पास तीनों नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया। एक की उम्र 13 साल, दूसरे और तीसरे की उम्र 14 साल है। 

इन तीनों नाबालिगों को ट्रेन पर पथराव करते समय कुछ लोगों ने ट्रैक के पास से पकड़ लिया था। तीनों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा-153 के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्हें रविवार सुबह जस्टिस जुवेनाइल बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

दो ट्रेनों पर पहले भी हो चुका पथराव :
ए.एस.आई. नेगी ने बताया कि इससे पहले चंडीगढ़-नई दिल्ली शताब्दी और चंडीगढ़-लखनऊ सद्भावना सुपरफास्ट ट्रेन पर भी कई बार पथराव हो चुका है। आर.पी.एफ. की टीम ने ट्रेनों पर पथराव करने वालों को पकडऩे के लिए पहले से गश्त बढ़ा दी है। चंडीगढ़ से अंबाला, मोहाली और पंजाब को जाने वाले ट्रैक पर कर्मचारियों की चौकसी बढ़ा दी गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News