रात एक बजे के बाद तक चल रही थी पार्टी, दो क्लब मैनेजर और एक बार संचालक गिरफ्तार

Monday, Jul 22, 2019 - 11:29 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप): 15 अगस्त को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार देर रात डी.एस.पी. ईस्ट दिलशेर चंदेल ने अपनी डिवीजन में स्थित डिस्क, बार और क्लबों की चैकिंग की। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल उनके साथ मौजूद रहा। उन्होंने पाया कि सैक्टर-26 स्थित एक क्लब और बार निर्धारित समय के बाद देर रात तक खुले हुए थे। इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 स्थित एक डिस्क भी देर रात तक खुला पाया। सैक्टर-26 और इंडस्ट्रीयल एरिया थाना पुलिस ने अपने-अपने एरिया में स्थित डिस्क, बार और क्लब के ऑनर के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।

नहीं दिखा पाए देर रात तक क्लब खोलने की परमिशन

डी.एस.पी. ईस्ट दिलशेर चंदेल टीम समेत शनिवार देर रात करीब 1 बजे इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 स्थित डिस्क में पहुंचे। यहां डिस्क खुला था और पार्टी चल रही थी। इंडस्ट्रीयल एरिया थाना पुलिस ने डिस्क मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे बाद में जमानत पर रिहा कर दिया। इसके बाद डी.एस.पी. की टीम 1.30 बजे सैक्टर-26 स्थित प्ले ग्राऊंड क्लब पहुंची। यहां क्लब का मेन गेट खुला था और अंदर भीड़ जुटी थी। क्लब संचालक से देर रात तक क्लब खोलने की परमिशन दिखाने का कहा गया, लेकिन वह परमिशन नहीं दिखा पाए।

 इसके बाद सैक्टर-26 थाना पुलिस ने डिस्ट्रिक्ट मैजिस्ट्रेट के आदेशों की उल्लंघना करने पर क्लब के संचालक गाजियाबाद के सुरिंद्र पाल के खिलाफ केस दर्ज कर उसे बाद में जमानत पर रिहा कर दिया। इसके बाद डी.एस.पी. की टीम रात के करीब 1.45 पर सैक्टर-26 में ही स्थित कल्चर बार में पहुंची। यहां भी यही हाल थे। पुलिस ने बार संचालक आगरा निवासी दिपांशु के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर बार में जमानत पर रिहा कर दिया।

bhavita joshi

Advertising