पांच युवतियों से रेप करने वाला गिरफ्तार, टैक्सी पर फर्जी नंबर लगाकर वारदात को देता था अंजाम

Friday, Apr 26, 2019 - 08:29 AM (IST)

मोहाली(कुलदीप) : पुलिस ने मोहाली में 6 महीने से लड़कियों से छेड़छाड़ करने, कार में लिफ्ट देने के बहाने अगवा कर डरा-धमकाकर या बहला-फुसला कर रेप करने की घटनाओं को अंजाम देने वाले टैक्सी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। 

घटनाओं में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर आरोपी वारदात को अंजाम देता था। आरोपी ने रेप की पांच, छेड़छाड़ की चार और एक बच्ची के अपहरण की वारदात कबूल की है। पुलिस ने फिलहाल आरोपी का नाम बताने से इन्कार किया है क्योंकि अभी उसकी शिनाख्त परेड पीड़ितों से करवानी है। 

एक केस में लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी को किया था सस्पैंड :
कुछ दिन पहले सोहाना क्षेत्र में आरोपी ने हिमाचल की एक महिला को लिफ्ट देने के बहाने कार में बिठाया था और उसे जबरन सैक्टर-67 के एक घर में ले जाकर रेप किया था। बाद में सैक्टर-79 के पास वीरान जगह पर फिर रेप करना चाहा था, लेकिन महिला किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर भाग गई थी व शिकायत देने सोहाना थाने गई थी। यहां थाना प्रभारी ने एफ.आई.आर. दर्ज नहीं की थी, जिसे ड्यूटी में कोताही बरतने पर सस्पैंड किया जा चुका है। 

उक्त शिकायत पर एस.एस.पी. के नेतृत्व में एक एस.आई.टी. का गठन किया गया था, जिसमें सी.आई.ए. स्टाफ को भी शामिल किया गया था। टीम ने जानकारियां जुटाकर आरोपी को काबू कर लिया। आई.जी. ने बताया कि एस.एस.पी. भुल्लर की निगरानी में एस.पी.(डी) वरुण शर्मा, एस.पी. सिटी हरविंद्र सिंह विर्क, डी.एस.पी. सिटी-2 रमनदीप सिंह, डी.एस.पी. गुरदेव सिंह धालीवाल के दिशा-निर्देशों पर सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज सतवंत सिंह व सब-इंस्पैक्टर सुखदीप कौर को जांच सौंपी गई थी। पुलिस ने आरोपी को उसकी इटीयोस कार सहित गिरफ्तार कर लिया। 

चार पीड़ित लड़कियों ने नहीं दी शिकायत :
आई.जी. वी नीरजा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी ने लड़कियों से छेड़छाड़ करने की चार वारदातों और लड़कियों से रेप करने की चार वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। सोहाना क्षेत्र में हुए रेप वाले केस के अलावा बाकी छेड़छाड़ और रेप के केस पुलिस के पास रिपोर्ट नहीं हुए हैं लेकिन उन केसों के बारे में जांच की जा रही है।

फेज-5 से नाबालिग बच्ची को किया था अगवा :
आरोपी ने 12, 13 अक्तूबर 2018 की रात को एक 13 वर्षीय बच्ची को भी फेज-5 में से अगवा किया था। इस संबंध में पुलिस स्टेशन फेज-1 मोहाली में आई.पी.सी. की धारा 363, 366 ए के तहत केस दर्ज है।

और भी मिल सकती हैं शिकायतें :
आई.जी. ने बताया कि आरोपी की शिनाख्त परेड करवाई जानी है, इसलिए उसका नाम गुप्त रखा जा रहा है। उसकी पहचान बताने से कई केस प्रभावित हो सकते हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसकी हवस और छेड़छाड़ की शिकार बनी अन्य युवतियों द्वारा शिकायतें देने की संभावना से भी उन्होंने इन्कार नहीं किया है। पुलिस को हिदायत दी है कि चाहे फोन पर शिकायत आए, उसे दर्ज किया जाए। 

Priyanka rana

Advertising