अदालत से फरार होने वाला आरोपी गर्लफ्रैंड के साथ गिरफ्तार

Sunday, Apr 21, 2019 - 08:34 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : अदालत द्वारा सजा सुनाने के बाद फरार हुआ आरोपी बलदेव कुमार और उसकी गर्लफ्रैंड को पुलिस ने सैक्टर-54/55 की विभाजित सड़क पर कार से दबोच लिया। तलाशी के दौरान सैक्टर-41 निवासी बलदेव कुमार के पास 7 ग्राम और मोहाली के सैक्टर-70 निवासी कविता के पास से पांच ग्राम हैरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी बलदेव ने सैक्टर-39 पुलिस को बताया कि वह अदालत से फरार होने के बाद कविता के पास गया था। वहां पर उसने हैरोइन का नशा किया था।

नाके पर पुलिस को देख गाड़ी छोड़कर भागे :
पलसौरा चौकी पुलिस ने शुक्रवार को सैक्टर-54/55 की विभाजित सड़क पर नाका लगाया था। इस दौरान पुलिसकर्मी ने आई 20 कार को रुकने का इशारा किया, जिसे एक महिला चला रही थी। पुलिस को देख कार चालक महिला और युवक गाड़ी छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने दोनों को थोड़ी दूरी पर दबोच लिया। आरोपियों की पहचान सैक्टर-41 निवासी बलदेव कुमार व मोहाली निवासी कविता के रूप में हुई।

नशे की लत ने किया तबाह :
गिरफ्तार किए गए बलदेव ने ग्रेजुएशन की हुई है। उसका 11 साल का बेटा है। वहीं, कविता उर्फ कनिका ने एम.बी.ए. की हुई है। उसका भी 3 साल का बेटा है लेकिन पति से अनबन के चलते उसका तलाक का केस चल रहा है। दोनों नशे के आदी हैं। बलदेव पर पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। कनिका पर भी पहले से मामला दर्ज है।

Priyanka rana

Advertising